
बिहार के सभी डीएम को एलपीजी गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति में सतर्कता का निर्देश
पटना- 11 मार्च। मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण एलपीजी गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति में कमी होने की आशंका के मद्देनजर सतर्कता बरतने के लिए मधुबनी सहित राज्य के सभी जिलाधिकारी को निर्देश दिया गया है। बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा सभी जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक को जारी निर्देश में बताया गया है कि युद्ध एवं तनावपूर्ण स्थिति के कारण अंतराष्ट्रीय स्तर पर गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित होने की समस्या है। ऐसी स्थिति में राज्य में भी एलपीजी गैस, पट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति में कमी उत्पन्न होने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है।
उक्त परिस्थिति को देखते हुये यह संभावना व्यक्त की जा रही है कि विभिन्न गैस एजेंसियों, विक्रेताओं एवं पेट्रोलपंपो पर आम नागरिकों की भीड़-भीड़ बढ़ने की संभावना है, जिससे अव्यवस्था उत्पन्न होने या विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है। ऐसी स्थिति में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा गैस सिलेंडर अथवा पेट्रोलियम पदार्थों की जमाखोरी एवं कालाबाजारी किए जाने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। जिलों में इस संबंध में सतत निगरानी रखते हुए गैस एजेंसियों, विक्रेताओं एवं पेट्रोल पंपों के आस-पास विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु समुचित व्यवस्था तथा जमाखोरी एवं कालाबजारी करने वाले तत्वों पर विशेष नजर रखते हुए नियमानुकुल कठोर कार्रवाई करना सुनिश्चित किया जाए। जिला प्रशासन द्वारा आपूर्ति विभाग के साथ समन्वय स्थापित करतें हुए आवश्यकतानुसार जनसमान्य को वस्तुस्थिति से अवगत कराने की व्यवस्था का निर्देश दिया गया है। ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह की स्थिति उत्पन्न न हो।



