
MADHUBANI:- डीएम की समीक्षा बैठक में बाढ़ प्रभावित गांव में नाव और पीड़ितों को पॉलीथिन सीट उपलब्ध कराने का निर्देश, DM ने कहा- बांध टूटने में जिसका नाम आएगा उसपर होगी FIR
मधुबनी-14 अक्टुबर। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने मंगलवार को बेनीपट्टी अनुमंडल के आईबी भवन में पदाधिकारियों के साथ बाढ़ को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में तटबंध,पीड़ितों की स्थिति,नाव की उपलब्धता,फसल क्षति,सड़कों की स्थिति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने पदाधिकारियों को कहा कि, जहां भी नाव की आवश्यकता हो, वहां नाव उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बिस्फी में नाव उपलब्ध कराने को कहा है।
वहीं, बांध के टूटने पर समीक्षा कर जिलाधिकारी ने कहा कि, बांध टूटने के मामलों को बड़े ही गंभीरता से लिया गया है। इसमें जिस किसी भी व्यक्ति का नाम आएगा, उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। बैठक में सीओ को वैसे पीड़ितों को पॉलीथिन सीट उपलब्ध कराने को कहा है, जिनके फूस के घर है या क्षति हुई है। जलस्तर को लेकर बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के पदाधिकारियों से बात की। जहां बताया गया की,अगले 24 घंटे से 48 घंटे में जलस्तर काफी हद तक कम हो जाएगा।
बर्री के मुखिया आलम अंसारी ने पंचायत में नाव और पॉलीथिन सीट की मांग की। बैठक के बाद जिलाधिकारी ने बताया कि, सभी बिंदुओं पर समीक्षा की गई है। फसल क्षति का आकलन के लिए डीएओ को निर्देशित किया गया है। आकलन के कार्याे के लिए दूसरे ब्लॉक से भी पदाधिकारी को जिम्मेदारी देने को कहा है। ताकि, समय पर क्षति का आकलन हो। लोगों को संयम रखना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि, खराब सड़को को मोटरेबल कराने का निर्देश दिया गया है। बैठक में एसडीएम शारंग पानी पांडेय, जिला कृषि पदाधिकारी ललन कुमार,डीएसपी अमित कुमार,बीडीओ महेश्वर पंडित, सीओ अभिषेक आनंद,ईओ नगर पंचायत गौतम आनंद,बसंत झा सहित कई मुखिया व पदाधिकारी मौजूद थे।