
MADHUBANI:- तेल टैंकर से भारी मात्रा में शराब जब्त, चालक गिरफ्तार
मधुबनी- 10 अप्रैल। फुलपरास थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य विद्यालय जागेश्वर स्थान की बाउंड्री के उत्तर दिशा में छापेमारी कर तेल टैंकर में छिपाकर लाई जा रही भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने 362 कार्टन में रखी 10,389 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की, जिसकी कुल मात्रा 1773 लीटर बताई जा रही है। शराब की खेप के साथ प्रयुक्त तेल टैंकर को भी जब्त कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए शराब को तेल टैंकर के भीतर छिपाकर रखा था। गुप्त सूचना मिलने पर प्रभारी थानाध्यक्ष निरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की।
प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान चालक भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे खदेड़कर दबोच लिया गया। गिरफ्तार चालक को आवश्यक पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की खेप बिहार में खपाने के उद्देश्य से लाई जा रही थी।
मामले में चालक के अलावा शराब तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस जब्त टैंकर और गिरफ्तार चालक के आधार पर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। छापेमारी दल में प्रभारी थानाध्यक्ष निरंजन कुमार,एसआई चंदन कुमार, एसआई सुबोध कुमार समेत थाना के अन्य पुलिस बल शामिल थे।


