
ईमानदार अफसरों को मिलेगा सम्मान, भ्रष्टाचार के लिए सरकार में कोई जगह नहीं: उपमुख्यमंत्री
भूमि सुधार अभियान नहीं रुकेगा, भू-माफियाओं पर सख्त कार्रवाई तय
पटना- 04 अप्रैल। बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि राज्य में भूमि सुधार अभियान किसी भी हाल में नहीं रुकेगा और भूमि माफियाओं व अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता के काम में बाधा डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से आयोजित ‘भूमि सुधार जन-कल्याण संवाद’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े विवाद केवल दो लोगों का मामला नहीं होते, बल्कि इससे पूरे समाज में तनाव पैदा होता है। इसलिए सरकार का लक्ष्य है कि ऐसे विवादों का निपटारा कागजों तक सीमित न रहकर जमीन पर दिखे।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक आयोजित संवाद कार्यक्रमों में 15 हजार से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन्हें डिजिटल प्रणाली से दर्ज कर उनकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी या गरीबों की जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो। भूमि मामलों में भ्रष्टाचार, लापरवाही या अनावश्यक देरी की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों पर भी कड़ी कार्रवाई होगी।
सिन्हा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांवों में शांति और सामाजिक सौहार्द कायम रखते हुए विकास की गति को तेज करना है। हड़ताल और तालाबंदी जैसी प्रवृत्तियों को उन्होंने अराजकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि इससे आम जनता का काम बाधित होता है।
अंत में उन्होंने जनता से अपील की कि भूमि सुधार अभियान में सहयोग करें, ताकि बिहार को भूमि विवादों और अराजकता से मुक्त कर एक विकसित, शांतिपूर्ण और समृद्ध राज्य बनाया जा सके।



