
रंगों का त्योहार होली भाईचारा, अच्छाई और खुशियों का पर्व : मंत्री अरुण शंकर प्रसाद
मधुबनी- 01 मार्च। शहर के जेपी कॉलनी स्थित समाजसेवी प्रहलाद पूर्वे एवं पूर्व उपमेयर प्रत्याशी काजोल पूर्वे द्वारा होली मिलन समारोह सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता मोहन राउत एवं मंच संचालन नागेंद्र राउत ने की। मौके पर कला संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि रंग हमारे जीवन के हरेक पहलुओं से जुड़ा है। होली, भाईचारे अच्छाई और खुशियों का पर्व है। होली पर प्रयोग होने वाला रंगों का मानव जीवन पर बड़ा प्रभाव होता हैं। पूर्व मंत्री समीर महासेठ ने कहा कि होली के रंग ऊर्जा, जीवंतता और आनंद के सूचक होते हैं। रंगों के माध्यम से जीवन में एकता और दिव्य प्रेम को भरने का उत्सव है। होली मानसिक शुद्धि और आत्म-जागरूकता के उच्च स्तर की ओर ले जाता है।
विधायक विनोद नारायण झा ने कहा कि होली बाहरी मतभेदों को मिटाकर एकता का संदेश देते हैं।
पूर्व विधान पार्षद सुमन महासेठ ने कहा कि यह त्योहार पुरानी पहचान और विकारों को छोड़कर नए, पवित्र जीवन की शुरुआत करने का अवसर है। जेडीयू महिला प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष भारती मेहता ने कहा कि होली अज्ञान और विकारों को मिटाकर ज्ञान और प्रेम के रंग से सराबोर होने का पर्व है। समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभांशु झा, मुखिया सह राजद जिला उपाध्यक्ष रामकुमार यादव, समाजसेवी दुर्गेश कुमार, श्रवण पूर्वे, अरविंद पूर्वे, इंद्रशेखर झा, अंजली कुमारी, लक्ष्मी कुमारी बादल गुप्ता, पवन कापड़ी, कैलाश साह, रामप्रताप साह, हरिभूषण राउत, गोपाल दास, राजकमल सिंह सहित अन्य ने हिस्सा लिया।



