भारत

GUJRAT:- मोरबी का झूलता पुल टूटा, मच्छू नदी में गिरने से 40 लोगों के डूबने की आशंका

अहमदाबाद- 30 अक्टूबर। सौराष्ट्र के मोरबी शहर में मच्छु नदी पर स्थित झूलता पुल रविवार शाम को अचानक टूट गया। हादसे के समय पुल पर पांच सौ अधिक लोग मौजूद थे। पुल गिरने की खबर से चारों ओर हड़कंप मच गया। नदी में गिरने से करीब 40 लोगों के डूबने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन प्रशासन ने अभी पुष्टि नहीं की है। एम्बुलेंस और दमकल टीम मौके पर पहुंच गई और राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

मोरबी का विश्वविख्यात झूलता पुल मणिमंदिर के समीप मच्छू नदी पर बना है। पुल की देखरेख की जिम्मेदारी ओरेवा ट्रस्ट के पास है। मोरबी का यह झूलता पुल अंग्रेजों के जमाने का है और करीब 140 वर्ष पुराना है। इसकी लंबाई करीब 765 फीट है। करीब छह महीने तक चले रिनोवेशन के बाद गुजरात नववर्ष के दिन इसे खोला गया था। इस पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए गए थे।

लगभग सात माह बाद पुल खोलने के बाद पहला रविवार होने से आज बड़ी तादाद में लोग अपने परिवारों के साथ पुल पर तस्वीरें और सेल्फी लेने के लिए पहुंचे थे। हादसे के समय पुल पर पांच सौ अधिक लोग थे, तभी अचानक पुल टूट गया। पुल पर मौजूद कई लोग नदी में गिर गए, जिसमें से कई लोग पुल के सहारे बाहर निकलने की कोशिश करते देखे गए।

हादसे के बाद केबल ब्रिज की कई तस्वीरें सामने आई हैं, जिसमें नजर आ रहा है कि ब्रिज बीच से टूटकर नदी में समा गया है। हालांकि, पुल टूटने से नदी में गिरने वालों की संख्या का पता नहीं चल सका है, लेकिन हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस और प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। लोगों को नदी से बाहर निकाला जा रहा है। रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय लोग भी पुलिस और प्रशासन की मदद कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मोरबी दुर्घटना के संबंध में गुजरात के मुख्य मंत्री भूपेंद्र पटेल से बात की। उन्होंने स्थिति पर लगातार नजर रखने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने के लिए भी कहा है। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार को दो लाख और प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद मुहैया कराने की घोषणा की है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। फायर ब्रिगेड के सूत्रों ने 40 से 50 लोगों के डूबने की आशंका जताई है।

गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों के तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट कर हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, गुजरात से बेहद दुःखद खबर मिल रही है। मोरबी में ब्रिज टूट जाने से कई लोगों के नदी में गिर जाने की खबर है। भगवान से उनकी जान और स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button