
पंडौल में अत्याधुनिक फैक्ट्री का भव्य उद्घाटन
मधुबनी- 28 मार्च। जिला अंतर्गत पंडौल औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार को बिहार के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने वाली एक बड़ी पहल के तहत सावी ग्लोबल फैशन प्राइवेट लिमिटेड की अत्याधुनिक फैक्ट्री का भव्य उद्घाटन किया गया। लेदर और टेक्सटाइल गारमेंट निर्माण से जुड़ी यह यूनिट राज्य में निवेश और रोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है। करीब 274 करोड़ की प्रारंभिक लागत से शुरू हुई इस परियोजना का विस्तार भविष्य में लगभग 400 करोड़ तक होने का अनुमान है।
स्थापित इस फैक्ट्री में 6000 आधुनिक मशीनें लगाई गई हैं, जिससे करीब 12,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। फैक्ट्री का उद्घाटन बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। मौके पर दरभंगा ग्रामीण विधायक ईश्वर मण्डल,पूर्व मंत्री समीर कुमार महासेठ सहित कई जनप्रतिनिधि,उद्योग जगत के लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मौके पर मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा, सदर एसडीएम चंदन झा, सदर एसडीपीओ अमित कुमार, पंडौल थानाध्यक्ष रमन कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। यह फैक्ट्री मुख्य रूप से रेडीमेड कपड़े और लेदर गारमेंट्स का उत्पादन करेगी, जिससे पंडौल और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। कंपनी प्रबंधन के अनुसार, आधुनिक तकनीक और उच्च गुणवत्ता उत्पादन के जरिए यह यूनिट राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाएगी। इस परियोजना को बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण का समर्थन प्राप्त है, जो राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बड़ी परियोजनाएं रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाती हैं। वहीं, गिरिराज सिंह ने वस्त्र उद्योग को देश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए कहा कि बिहार में इसके विकास की अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह की इकाइयां स्थानीय युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार देकर पलायन को रोकने में मदद करेंगी। राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि पंडौल औद्योगिक क्षेत्र का विकास मिथिलांचल के आर्थिक उत्थान में मील का पत्थर साबित होगा। फैक्ट्री के उद्घाटन अवसर पर जापान से आए दो उद्योगपति भी शामिल हुए, जिससे इस परियोजना के अंतरराष्ट्रीय सहयोग और संभावनाओं का संकेत मिलता है। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे बिहार के औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ा और सकारात्मक कदम बताया।



