
MADHUBANI:- ठगी के आरोप में मंजर अंसारी सहित तीन पर प्राथमिकी दर्ज
मधुबनी- 21 सितंबर। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का मामला एक बार फिर सामने आया है। पूर्णिया जिले के निवासी मंजर रशीद ने मधुबनी नगर थाना में आवेदन देकर तीन लोगों के खिलाफ ठगी का आरोप लगाया है। पीड़ित मंजर रशीद ने आरोप लगाया है कि नगर थाना क्षेत्र के गोआ पोखर भौआड़ा निवासी मंजर अंसारी,उनकी पत्नी अंजुम परवीन और भाई उमेर आलम पिता सोएब अंसारी ने बेल्ट्रॉन कंपनी में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर वर्ष 2016 में उनसे 20 लाख 81 हजार रुपये लिये। लेकिन न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए। पीड़ित का कहना है कि सात साल तक उन्हें विभिन्न बहाने बनाकर टालते रहे। परंतू जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने साफ इनकार कर दिया। मामले को लेकर नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पीड़ित की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी संख्या-414/25 दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पीड़ित को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया है।



