भारत

भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए चुनाव आयोग कर रहा है अधिकारियों का तबादला: CM ममता

कोलकाता- 28 मार्च। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और निर्वाचन आयाेग पर तीखा हमला बोला। उन्हाेंने आरोप लगाया कि राज्य में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के तबादले चुनाव को प्रभावित करने की साजिश का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि यह कदम भाजपा को विधानसभा चुनाव में फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

पश्चिम बर्धमान जिले के रानीगंज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा अब सभी सीमाएं पार कर चुकी है और राजनीति में एक मर्यादा रेखा होनी चाहिए, जिसे पार नहीं किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में अधिकारियों का तबादला कर उन्हें दूसरे राज्यों में भेज दिया गया, जबकि जो अधिकारी स्थानीय परिस्थितियों को अच्छी तरह समझते थे, उन्हें हटाकर प्रशासन को कमजोर किया गया। उन्होंने कहा कि यह सब राज्य में बाहरी प्रभाव बढ़ाने और चुनाव के दौरान हालात को प्रभावित करने के लिए किया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से नाम हटाने के नाम पर भी गड़बड़ी की जा रही है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है।

ममता बनर्जी ने मुर्शिदाबाद जिले के रघुनाथगंज में राम नवमी शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस समय प्रशासन उनके नियंत्रण में नहीं है क्योंकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था चुनाव कराने वाली संस्था के अधीन रहती है।

उन्होंने कहा कि रघुनाथगंज में दुकानों में लूटपाट और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं हुईं, लेकिन इसके लिए उन्हें दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए क्योंकि वर्तमान में प्रशासनिक नियंत्रण उनके पास नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि हिंसा भड़काने वालों को समय आने पर बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो बुलडोजर की राजनीति शुरू हो जाएगी और लोगों को उनके घरों से बेदखल किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि बेहाला क्षेत्र में भी इसी तरह की कार्रवाई हुई है।

ममता बनर्जी ने प्रभावित लोगों से माफी मांगते हुए कहा कि राज्य सरकार उनकी दुकानों और संपत्तियों का पुनर्निर्माण कराएगी।

मुख्यमंत्री ने भाजपा पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि जो दल तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाता है, वही अवैध कोयला कारोबार से धन जुटाता है। उन्होंने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।

ममता बनर्जी ने अपने संबोधन में कहा कि पश्चिम बंगाल की पहचान सामाजिक सौहार्द और सांप्रदायिक एकता की रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में सभी धर्मों के लोग एक साथ राम नवमी, दुर्गा पूजा, ईद और क्रिसमस जैसे त्योहार मनाते हैं और यही बंगाल की असली ताकत है।

मुख्यमंत्री ने रानीगंज के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के लिए पुनर्वास पैकेज की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि मानव जीवन सबसे महत्वपूर्ण है और सरकार नहीं चाहती कि कोई भी व्यक्ति खतरे वाले क्षेत्रों में रहे।

उन्होंने घोषणा की कि जो लोग सुरक्षित स्थान पर जाना चाहेंगे, उन्हें 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और दो आवास दिए जाएंगे। साथ ही स्थानांतरण का पूरा खर्च भी सरकार वहन करेगी। उन्होंने बताया कि अब तक 2000 आवास तैयार किए जा चुके हैं और 4000 और आवास बनाने की योजना है।

ममता बनर्जी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह पुनर्वास पूरी तरह स्वैच्छिक होगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसी को मजबूर नहीं कर रही है, बल्कि लोगों से अपील कर रही है कि वे अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित स्थानों पर जाने पर विचार करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बड़ा भूस्खलन हुआ तो हजारों लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।——————

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button