
‘धुरंधर-2’ ने तोड़ा ‘बाहुबली-2’ का रिकॉर्ड, बनी बॉलीवुड की सबसे बड़ी फिल्म
रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचती जा रही है। रिलीज के 20 दिन पूरे करने के बाद भी फिल्म का दबदबा कायम है और यह अब बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। खास बात यह है कि फिल्म ने भारत में ‘बाहुबली-2: द कन्क्लूजन’ के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है।
सैकनिल्क के अनुसार फिल्म ने 20वें दिन 10.10 करोड़ रुपये का कारोबार किया। हालांकि, सप्ताह के मध्य में कमाई में गिरावट देखी गई, लेकिन इसके बावजूद कुल घरेलू कलेक्शन 1,033.37 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस आंकड़े के साथ ‘धुरंधर 2’ ने ‘बाहुबली 2’ के 1,030.42 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
फिल्म अब ‘पुष्पा 2: द रूल’ के लाइफटाइम कलेक्शन 1,234.10 करोड़ रुपये को पार करने की ओर बढ़ रही है। इससे पहले ‘धुरंधर 2’ ‘केजीएफ: चैप्टर 2’, ‘आरआरआर’ और ‘कल्कि 2898 एड’ जैसी बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ चुकी है।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। ‘धुरंधर 2’ की लगातार सफलता इसे भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल कर रही है।



