
MADHUBANI:- सहकारी समिति भूमि पर पेड़ काटने और बिना पिलर निर्माण कार्य की जांच की मांग
मधुबनी- 14 मार्च। शहर में सहकारी समिति की भूमि पर हो रहे निर्माण को लेकर महाराजगंज वार्ड 29 की रहने वाली सुमित्रा देवी ने डीएम को आवेदन देकर निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की है। दिए गए आवेदन में उन्होंने बताया है कि भौआड़ा मौजा में स्थित मधुबनी फल संरक्षण एवं फलोत्पादक सहकारिता समिति लिमिटेड की लगभग तीन बीघा पांच कट्ठा भूमि है। उनके परिवार के लोग तीन पीढ़ियों से इस जमीन की देखरेख करते आ रहे हैं। पहले उनके ससुर गोकुल साह समिति में रात्रि प्रहरी थे और उनके निधन के बाद उनके पति राम साह को यह जिम्मेदारी दी गई थी। सुमित्रा देवी का कहना है कि कुछ दिनों से कुछ लोग वहां ईंट-सीमेंट से पक्का निर्माण कर रहे हैं। पूछने पर निर्माण करने वालों ने इसे सरकारी काम बताया, लेकिन किसी प्रकार का सरकारी बोर्ड, अनुमति पत्र या कागजात नहीं दिखाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि निर्माण के दौरान एक हरा आम का पेड़ भी काट दिया गया है।
वरीय अधिवक्ता राकेश रंजन झा ने बताया कि यहां पर हरे पेड़ को काट दिया गया है। वहीं यहां पर मजदूरों के रहने के लिए जो निर्माण हुआ है वह काफी कमजोर है, जो कभी धाराशायी हो सकता है और जानमाल की क्षति हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य से जुड़े सभी दस्तावेज, एनओसी और जमीन की नापी की जांच कराकर नियम के अनुसार कार्रवाई की मांग की है।



