
DELHI:- हजरत निजामुद्दीन इलाके में बेलगाम कलस्टर बस का कहर
नई दिल्ली- 30 अप्रैल। दक्षिण-पूर्व दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में शनिवार तड़के बेलगाम कलस्टर बस ने एक के बाद एक कई लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद बस फुटपाथ के नजदीक बनी एक दुकान में घुसकर रुक गई। हादसे में स्कूटी सवार सवार युवक समेत चार लोग बुरी तरह जख्मी हुए, जिनमें एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर बस कब्जे में लेकर आरोपित चालक विपिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित से पूछताछ कर मामले की छानबीन की जा रही है। हादसे में दो स्कूटी व एक दुकान को क्षति पहुंची है। पुलिस बस की जांच कर मामले की छानबीन कर रही है।
दक्षिण-पूर्व जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसा सुबह करीब 7.10 बजे हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के पास बस टर्मिनल पर हुआ। यहां रूट संख्या (804) निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से ख्याला के लिए निकली थी। इस बीच अचानक बस अनियंत्रित हो गई। बस ने स्कूटी सवार को कुचल दिया। इसके बाद फुटपाथ पर बैठे तीन लोगों को टक्कर मारने के बाद बस एक दुकान में घुसकर रुक गई।
खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूटी सवार भारत, फुटपाथ पर दुकान के बाहर खड़े तीनों लोग नित्रा बहादुर, तोता राम और आकाश को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां भारत की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस बस का मैकेनिकल इंस्पेक्शन कराकर इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बस के ब्रेक तो फेल नहीं हुए थे। मामले की जांच की जा रही है।



