
DELHI:-चरित्र पर शक होने पर पति ने पत्नी की गला रेतकर की हत्या
नई दिल्ली- 01 जनवरी। मध्य दिल्ली के पुरानी दिल्ली स्थित सुईवालान इलाके में एक शख्स ने अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान सीमा (32) के रूप में हुई है। नौ साल की बेटी घर पहुंची तो उसने मां को खून से लथपथ देखकर शोर मचा दिया। बाद में मामले की खबर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
क्राइम टीम के अलावा एफएसएल को भी बुला लिया गया। जांच के बाद चांदनी महल में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। वारदात के कुछ ही घंटों बाद आरोपी को कमला मार्केट थाना पुलिस ने मिंटो रोड इलाके के ख्वाजा मीरदर्द से दबोच लिया। इसकी पहचान अब्दुल रहमान (38) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपित ने खुलासा किया है कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इसकी वजह से दोनों में झगड़ा होता था। शुक्रवार को भी दोनों के बीच झगड़ा हो रहा था। गुस्से में उसने रसोई वाले चाकू से पत्नी का गला रेत दिया।
पुलिस के मुताबिक सीमा अपने परिवार के साथ कटरा सुईवालान स्थित मकान नंबर-1737 में रहती थी। इसके परिवार में पत्नी अब्दुल रहमान के अलावा तीन बेटियां हैं। अब्दुल रहमान छोटा-मोटा काम करता था। शुक्रवार दोपहर करीब 3.30 बजे चांदनी महल थाना पुलिस को महिला की हत्या की खबर मिली तो पुलिस वहां पहुंच गई। वहां जमीन पर खून से लथपथ सीमा की लाश पड़ी थी।
सीमा की नौ साल की बेटी भी वहीं मौजूद थी। जांच में पता चला कि सीमा का पति और उसकी दोनों छोटी बेटियां वहां नहीं हैं। वहीं पूछताछ के दौरान पड़ोसियों ने बताया कि सीमा के घर पर सुबह से ही तेज आवाज में टीवी चल रहा था। वहां पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो रहा था। तेज टीवी चलने के बावजूद दोनों के चिल्लाने की आवाज वहां आ रही थी। इसके बाद खामोशी छा गई।
वहीं बेटी ने बताया कि जब वह ट्यूशन पढ़ने गई थी तो अम्मी-पापा की लड़ाई हो रही थी। वापस आने पर उसने मां को खून से लथपथ पाया। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी।
अब्दुल रहमान के मिलने-जुलने वालों ने बताया कि उसके माता-पिता कमला मार्केट स्थित मिंटो रोड के ख्वाजा मीरदर्द इलाके में रहते हैं। फौरन कमला मार्केट थाने को अलर्ट किया। एक टीम रहमान के घर पहुंची तो वहां पता चला कि आरोपित बेेटियों को छोड़कर वहां चला गया है। कुछ ही देर की तलाश के बाद आरोपित को मेन रोड से दबोच लिया गया। आरोपित के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिये। आरोपित ने भी अपना गुनाह कबूल कर लिया।



