
DEHLI:- राजधानी में लगी 3 फैक्ट्रियों में भीषण आग
नई दिल्ली- 02 मार्च। बाहरी उत्तरी जिले के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह अचानक तीन फैक्टरियों में आग लग गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं दमकल विभाग की 24 गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग को काबू में किया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बाहरी उत्तरी जिले के डीसीपी बृजेंद्र कुमार यादव ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने कहा कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे नरेला औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिलते ही एक-एक कर करीब 24 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस के अनुसार,घटना स्थल पर पहुंचे पर पता चला कि आसपास बनी तीन फैक्टरियों में आग लगी है।
दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के समय फैक्टरी के अंदर कोई मजदूर मौजूद नहीं था। फैक्टरी में प्लास्टिक के दाने एवं अन्य सामान बनाने का काम होता है। शुरुआती जांच में पुलिस आशंका जता रही है कि आग शॉट- सर्किट के कारण लगी होगी। फिलहाल घटना की जांच जारी है।



