
नेपाल में पूर्व प्रधानमंत्री ओली की गिरफ्तारी के विरोध में लगातार प्रदर्शन जारी
काठमांडू- 30 मार्च। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री एवं सीपीएन (यूएमएल) के प्रमुख केपी शर्मा ‘ओली’ की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को लगातार तीसरे दिन कार्यकर्ताओं और समर्थकों का प्रदर्शन जारी रहा।
सीपीएन (यूएमएल) ने ओली को राजनीतिक प्रतिशोध के आधार पर अवैध रूप से गिरफ्तार किए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन को जारी रखा है। पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक काठमांडू के माइतीघर में एकत्र होकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।
इससे पहले सीपीएन (यूएमएल) के सचिव महेश बस्नेत ने माइतीघर में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने के लिए नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से अपील की थी। उन्होंने वर्तमान सरकार पर निरंकुश तरीके से आगे बढ़ने का आरोप लगाया है।
काठमांडू के माइतीघर मण्डला से शुरू हुआ प्रदर्शन अब नए बानेश्वर स्थित एभरेष्ट होटल के सामने तक पहुंच गया है। आज का प्रदर्शन पार्टी की बागमती प्रदेश इकाई के आह्वान पर किया गया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने प्रतिशोध की राजनीति बंद करो, अध्यक्ष ओली को रिहा करो- जैसे नारे लगाए। ओली की शनिवार को गिरफ्तारी के बाद से ही उनकी पार्टी लगातार प्रदर्शन कर रही है।
उल्लेखनीय है कि जेन जी आंदोलन के दौरान निहत्थे छात्रों की हत्या के आरोप में तत्कालीन प्रधानमंत्री ओली और तत्कालीन गृहमंत्री रमेश लेखक को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच आयोग ने अपनी रिपोर्ट में ओली और लेखक के साथ पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और सेना के अधिकारियों को भी दोषी ठहराया है, लेकिन सुरक्षा बलों के खिलाफ फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं लेने का निर्णय लिया गया।



