बिहार

“कांग्रेस और राजद के लोग छठी मइया का अपमान कर रहे हैं: मोदी

मुजफ्फरपुर- 30 अक्टूबर। बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर में गुरुवार को चुनावी जनसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजद-कांग्रेस गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इनकी पहचान पांच शब्दों से की जा सकती है- कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन। मोदी ने कहा कि जहां कट्टा चलता है, वहां कानून ठहर नहीं सकता,जहां क्रूरता राज करती है, वहां जनता का विश्वास टूट जाता है। उन्होंने महागठबंधन पर बिहार को अराजकता और भ्रष्टाचार की राह पर ले जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब जनता सब समझ चुकी है और विकास के रास्ते से उसे कोई नहीं भटका सकता।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि “कांग्रेस और राजद के लोग छठी मइया का अपमान कर रहे हैं। क्या कोई वोट पाने के लिए छठी मइया का अपमान कर सकता है क्या? क्या बिहार, क्या हिंदुस्तान, क्या मेरी माताएं जो निर्जला व्रत करती हैं, वो इसे सहन कर सकेंगी?”

उन्होंने कहा कि छठ देश-दुनिया में मनाया जाता है। इसके गीत सुन हम भावविभोर हो जाते हैं। छठ को यूनेस्काे की सूची में शामिल कराने का प्रयास सरकार की ओर से चल रहा है। छठ के गीतों के माध्यम से संस्कार की प्रक्रिया चलती है। उसको देशव्यापी रूप देने के लिए छठ के गीतों को विभिन्न भाषा में प्रतिस्पर्धा करने वाले हैं। इससे हर भाषा के लोगों को मौका मिलेगा। इन्हें जनता चुनेगी कि उन्हें कौन-कौन गीत पसंद आते हैं। सबसे चर्चित गीतों के गायक और लेखक को अगले साल छठ से पहले सम्मानित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने राजद-कांग्रेस गठबंधन और लालू यादव के कार्यकाल को लेकर कहा कि जंगलराज में गाड़ियों के शोरूम बंद हो गए थे क्योंकि राजद के नेता अपनी टोलियां लेकर अपने साथियों को लेकर शोरूम लुटवा लेते थे। अगर किसी ने नई गाड़ी खरीदी हो तब उसके पीछे राजद के गुंडे लग जाते थे। जब कोई अपनी पूंजी लगाता क्या, ऐसे हाल में लोग पलायन कर गए। जब वो दिन याद करते हैं तो लगता था, कितना भयानक दिन था।

उन्होंने कहा कि गाेलू अपहरण कांड कभी नहीं भूल सकते। इसी शहर में 2001 में स्कूल जाते एक बच्चे को अपराधियों ने अपहरण कर लिया था, बदले में ढेर सारे रुपये मांगे गए थे। नहीं देने पर राजद के चट्टे-बट्टों ने उस नन्हे गोलू के टुकडे़-टुकड़े कर दिए गए थे। राजद के शासन में अपहरण हुए, हत्या हुई। इनकी नीयत क्या है, इनके ताजा प्रचार से पता चल रहा है। खतरनाक नारे से पता चलता है। चुनाव के मैदान में कैसे गाने बज रहे। हम तो हाथ जोड़ गाने ला रहे हैं, जबकि इनके नारों में छर्रा, कट्टा, दोनाली।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जब सुशासन होता है तो सब खिलते हैं, जंगलराज में दम घुटता है। आज पूरा बिहार जीएसटी बचत उत्सव मना रहा है। कोई नई बाइक खरीद रहा, स्कूटी खरीद रहा। एक आंकड़ा याद रखना, पिछले साल अक्टूबर-सितंबर में बिहार में 50 हजार मोटर बाइक बिकी थी, इस साल इन्हीं महीनों में डेढ़ लाख बिकी है। बिहार में तीन गुना अधिक खरीदारी हुई है। नई बाइक आई और हजारों रुपये बच गए। आज मखाना दुनिया भर में जा रहा, फूड प्रोसेसिंग, आईटी पार्क, लेदर क्लस्टर ये सब हमारे बिहार की पहचान बन रहे। कभी बिहार अपनी जरूरत के लिए मछली बाहर से मंगाता था, आज दूसरे राज्यों को भी भेज रहे, कमाई कर रहे। ये आत्मनिर्भरता का उदाहरण है। एनडीए का संकल्प है, बिहार में कमाई, दवाई, पढ़ाई और सिंचाई। बिहार का बेटा पलायन नहीं करेगा, यहीं काम करेगा।

उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि फिर एक बार बिहार में राजग गठबंधन की ही सरकार बनेगी। पीएम मोदी ने कहा कि मैं मुजफ्फरपुर आता हूं तो सबसे पहले यहां की मिठास ध्यान खींच लेती है। यहां की लीची जितनी मीठी होती है, उतनी ही मीठी आपकी बोली भी है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button