बिहार

बिहार में ठंड का कहर जारी, शीतलहर और घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित

पटना- 03 जनवरी। बिहार में भीषण ठंड का प्रकोप फिलहाल थमने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का सीधा असर राज्य के मौसम पर पड़ रहा है, जिसके कारण अधिकांश जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। ठंड और कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। इसी बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड के साथ-साथ हल्की बारिश की भी संभावना जताई है।

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुमान के अनुसार राजधानी पटना सहित राज्य के कई हिस्सों में शनिवार को हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा। उत्तर बिहार के कई जिलों सीतामढ़ी,शिवहर,मधुबनी, सुपौल,अररिया और किशनगंज में बहुत घने कोहरे को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की मामूली वृद्धि हो सकती है, हालांकि ठंड से फिलहाल बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है।

न्यूनतम तापमान में गिरावट

राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान शुक्रवार को सहरसा के अगवानपुर में 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वाल्मीकि नगर, फारबिसंगज और मुंगेर को छोड़कर पटना सहित राज्य के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।

कोहरे से दृश्यता बेहद कम

घने कोहरे के कारण दृश्यता भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को सबसे कम दृश्यता गयाजी में शून्य मीटर दर्ज की गई। भागलपुर में दृश्यता 20 मीटर और पटना में मात्र 50 मीटर रही, जिससे सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ा।

मौसम विभाग का अनुमान है कि जनवरी महीने में न्यूनतम तापमान सामान्यतः 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।

प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में):

• गया जी: अधिकतम 21.6, न्यूनतम 8.2

• पटना: अधिकतम 19.6, न्यूनतम 9.0

• भागलपुर: अधिकतम 18.9, न्यूनतम 8.1

• मुजफ्फरपुर: अधिकतम 17.2, न्यूनतम 8.1

ठंड और कोहरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने, आवश्यक होने पर ही यात्रा करने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button