
CM ने जातीय जनगणना पर जल्द ही सर्वदलीय बैठक बुलाने का दिया आश्वासन : तेजस्वी
पटना, 2 दिसंबर। बिहार में जातीय जनगणना के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने कांग्रेस, वाम दलों और एआईएमआईएम के विधायकों के साथ गुरुवार को विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री के चेंबर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि सीएम नीतीश कुमार ने हम लोगों को भरोसा दिया है कि इस संबंध में जल्द ही सर्वदलीय बैठक बुलाई जाएगी। हो सकता है कि अगले तीन से चार दिन में यह बैठक बुलाई जा सकती है। मुख्यमंत्री ने इस बात का भी आश्वासन दिया है कि बिहार में वह अपने खर्च से जातिगत जनगणना कराएंगे।
उन्होंने कहा कि नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार तकरीबन 52 प्रतिशत लोग गरीब हैं। धर्म के आधार पर पहले जनगणना होती थी लेकिन अब जाति के आधार पर जनगणना होगी। जब जातिगत जनगणना होगी तो इससे यह क्लीयर हो जाएगा कि जो लोग गरीब हैं उनको विकास के पायदान पर पहुंचाने के लिए उनका अलग से बजट बनना चाहिए और विकास से कोई बिहारी वंचित ना रह जाये, कोई गरीबी रेखा के नीचे ना रहे हैं उन सब को ऊपर उठाने के लिए जाति जनगणना बेहद जरूरी है। उल्लेखनीय है कि नेता प्रतिपक्ष ने बुधवार को मुख्यमंत्री को याद दिलाते हुए कहा था कि अब चूंकि बिहार में जातीय जनगणना को लेकर केन्द्र ने इसे खारिज कर दिया है और मुख्यमंत्री ने खुद कहा था कि यदि केन्द्र सरकार बिहार में जातीय जनगणना नहीं करायेगी तो राज्य सरकार अपने खर्च पर करायेगी तो अब उन्हें राज्य में जातीय जनगणना कराना चाहिए। राजद इसकी मांग करती है।



