बिहारसाइंस

CM नीतीश ने 750 करोड़ की लागत से बने राज्य खेल परिसर का किया उद्घाटन

नालंदा/पटना- 29 अगस्त। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नांलदा जिले के राजगीर में 750 करोड़ की लागत से बने राज्य खेल परिसर का गुरुवार शाम उद्घाटन किया। इसमें इनडोर और अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम हैं। इस परिसर में कई खेलों के लिए सुविधाएं हैं और खिलाड़ियों के लिए छात्रावास और कर्मचारियों के लिए आवास का निर्माण पूरा हो चुका है। इस मौके पर उन्होंने खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने खेल के क्षेत्र में राज्य के 9 अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को सम्मानित किया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर ओलंम्पिक गेम्स, एशियन गेम्स, सीनियर एशियन चैम्पियनशिप में पदक विजेता/सहभागी खिलाड़ियों / प्रशिक्षकों को सम्मान प्रदान किया गया। इसके तहत अर्जुन पुरस्कार विजेता श्रेयसी सिंह, जो पेरिस ओलंम्पिक निशानेबाजी 2024 में भाग लीं और एशियन गेम्स 2022 में स्वर्ण पदक जीती थीं। साथ ही एशियन गेम्स, 2022 तलवारबाजी में भाग लेने वाले आकाश कुमार, एशियन गेम्स – 2022 सेलिंग में भाग लेने वाले सुधांशु शेखर, एशियन गेम्स, 2022 रग्बी में भाग लेने वाली स्वेता शाही, एशियन गेम्स – 2022 पारा स्वीमिंग में भाग लेने वाले मो. शम्स आलम शेख, सीनियर एशियन चैम्पियनशिप – 2024 लॉन बॉल्स में स्वर्ण पदक विजेता चंदन कुमार सिंह और सीनियर एशियन चैम्पियनशिप- 2024 पारा साइक्लिंग में भाग लेनेवाले मो जलालुद्दीन अंसारी को सम्मान प्रदान किया गया।

प्रशिक्षक वर्ग में एशियन गेम्स – 2023 में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित कुश्ती खेल विद्या के प्रशिक्षक शशिभूषण प्रसाद को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हॉकी के जादूगर पद्म भूषण मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री के समक्ष भवन निर्माण विभाग द्वारा राजगीर खेल परिसर के निर्माण से संबंधित एवं खेल विभाग द्वारा बिहार में खेल के विकास के लिए किए गए कार्यों पर आधारित लघु फिल्म प्रस्तुत की गई। मुख्यमंत्री ने राजगीर खेल परिसर स्थित मुख्य प्रशासनिक भवन का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने राजगीर खेल परिसर में नवनिर्मित स्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान में आयोजित मैच का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने तरणताल का निरीक्षण किया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भी निरीक्षण किया और तेजी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने इसके पूर्व निर्माणाधीन जरासंध स्मारक का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने वहां निर्माणाधीन संग्रहालय का भी जायजा लिया। जायजा लेने के क्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां पर जो भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी, उसके विषय में ऊपर में हिंदी और नीचे अंग्रेजी में जानकारी दें ताकि लोग अच्छी तरह से प्रदर्शनी के बारे में अवगत हो सकें। उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक स्थल है, जिसके विकसित होने से अधिक संख्या में लोग इसे देखने आएंगे। मुख्यमंत्री ने वहां निर्माण कराए जा रहे पार्क और तालाब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से रेलिंग का निर्माण कराएं ताकि लोग सुरक्षित रहें।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने रोप-वे (झूला) के पास निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड भवन का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने तेजी से निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button