भारत

CM केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद विपक्ष हमलावर, अलोकतांत्रिक कदम की दे रहे दुहाई, प्रियंका गांधी ने कहा- शर्मनाक दृश्य भारत के स्वतंत्र इतिहास में पहली बार देखने को मिल रहा

दिल्ली- 22  मार्च। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर तमाम विपक्षी पार्टियां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ हमलावर हो गईं हैं। जहां कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा ने गिरफ्तारी को असंवैधानिक करार देते हुए इस कदम को अलोकतांत्रिक बताया वहीं, तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार को निशाने पर लेते हुए भाजपा पर लोकतांत्रिक तरीकों के बजाय जांच एजेंसियों के दम पर चुनाव लड़ने का आरोप लगाया।

डरा हुआ तानाशाह, एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है: राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा है, ”डरा हुआ तानाशाह, एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है। मीडिया समेत सभी संस्थाओं पर कब्ज़ा, पार्टियों को तोड़ना, कंपनियों से हफ्ता वसूली, मुख्य विपक्षी दल का अकाउंट फ्रीज़ करना भी ‘असुरी शक्ति’ के लिए कम था, तो अब चुने हुए मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी भी आम बात हो गई है। INDIA इसका मुंहतोड़ जवाब देगा।”

शर्मनाक दृश्य भारत के स्वतंत्र इतिहास में पहली बार देखने को मिल रहा: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने भी एक्स पर लम्बा पोस्ट कर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने लिखा कि चुनाव के चलते दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस तरह टार्गेट करना एकदम गलत और असंवैधानिक है। राजनीति का स्तर इस तरह से गिराना न प्रधानमंत्री जी को शोभा देता है, न उनकी सरकार को।

प्रियंका ने आगे कहा कि अपने आलोचकों से चुनावी रणभूमि में उतरकर लड़िये, उनका डटकर मुक़ाबला करिए, उनकी नीतियों और कार्यशैली पर बेशक हमला करिए- यही लोकतंत्र होता है। मगर इस तरह देश की सारी संस्थाओं की ताकत का अपने राजनीतिक मक़सद को पूरा करने के लिए इस्तेमाल करना, दबाव डालकर उन्हें कमज़ोर करना लोकतंत्र के हर उसूल के ख़िलाफ़ है।

उन्होंने कहा कि देश के विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज़ कर दिये गये हैं, तमाम राजनीतिक दलों और उनके नेताओं पर ईडी,सीबीआई और आईटी का दिन रात दबाव है, एक मुख्यमंत्री जेल में डलवा दिये गये हैं, अब दूसरे मुख्यमंत्री को भी जेल ले जाने की तैयारी हो रही है। ऐसा शर्मनाक दृश्य भारत के स्वतंत्र इतिहास में पहली बार देखने को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान का भाजपा पर तंज

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स पर पोस्ट लिखा कि भाजपा की राजनीतिक टीम यानी ईडी केजरीवाल की सोच को कभी कैद नहीं कर सकती है। आम आदमी पार्टी ही भाजपा को रोक सकती है। आप सोच को कभी नहीं दबा सकते।

बीजेपी अब सत्ता में नहीं आने वालीः अखिलेश यादव

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा कि जो ख़ुद हैं शिकस्त के ख़ौफ़ में क़ैद ‘वो’ क्या करेंगे किसी और को क़ैद, भाजपा जानती है कि वो फिर दुबारा सत्ता में नहीं आनेवाली, इसी डर से वो चुनाव के समय, विपक्ष के नेताओं को किसी भी तरह से जनता से दूर करना चाहती है, गिरफ़्तारी तो बस बहाना है। ये गिरफ्तारी एक नयी जन-क्रांति को जन्म देगी।

केजरीवाल की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक तरीके के खिलाफ: तेजस्वी

राजद नेता तेजस्वी यादव ने केजरीवाल की गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक तरीकों के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल जी की गिरफ्तारी से साफ जाहिर है कि विपक्ष से लोकतांत्रिक तरीके से लड़ने की बजाय भाजपा जांच एजेंसियों एवं अन्य संवैधानिक संस्थानों की आड़ और पुरजोर मदद से चुनाव लड़ना चाहती है। हम सभी मजबूती से दिल्ली के लोगों की अति लोकप्रिय सरकार के साथ खड़े हैं।

राज्यसभा सांसद और जेएमएम नेता महुआ माजी ने कहा कि जहां-जहां गैर-भाजपा सरकार है, उन राज्यों में ही ये चीजें हो रही हैं। चुनाव होने वाले हैं। आदर्श आचार संहिता लागू है। लेकिन जिस तरह से चीजें चल रही हैं। पहले झारखंड और फिर दिल्ली में ये लोकतंत्र नहीं बल्कि निरंकुशता की तैयारी है।

जो व्यक्ति जैसा करता है, उसे वैसे ही फल की प्राप्ति होती हैः कुमार विश्वास

अरविंद केजरीवाल के पूर्व सहयोगी डॉ. कुमार विश्वास ने एक्स पर केजरीवाल का नाम लिए बगैर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, ‘कर्म प्रधान विश्व रचि राखा, जो जस करहि सो तस फल चाखा’ दरअसल यह चौपाई रामचरित मानस की है जिसमें गोस्वामी तुलसीदास कर्म के महत्व पर जोर देते हुए वे कहते हैं यह संसार, यह विश्व कर्म प्रधान है। जो व्यक्ति जैसा करता है उसे वैसे ही फल की प्राप्ति होती है।

दूसरी ओर, अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली के कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित और अरविंदर सिंह लवली उनका समर्थन करने के लिए मौके पर पहुंचे हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button