
CM नीतीश ने 11 विधायकों को सौंपी नये आवास की चाबी
पटना- 26 अक्टूबर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधायकों के लिए बने आवास का मंगलवार को उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद सीएम ने 11 विधायकों को आवास की चाबी सौंपी। पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित क्षेत्र में 243 विधायकों के लिए नया आवास बनाया जा रहा है, जिसमें 65 विधायकों का आवास बनकर तैयार हो गया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आवासों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने भवन निर्माण विभाग के सचिव को जल्दी से बाकी आवासों को तैयार कराने के निर्देश दिया। सीएम ने कहा कि सभी विधायकों को उनके विधानसभा क्षेत्र के हिसाब से आवास आवंटित किये जायेंगे।
आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं विधायक आवास’
विधायकों को आवास की चाबी सौंपने के बाद सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि विधायकों के लिए बनाए जा रहे सभी आवास आधुनिक सुविधाओं से लैस है। उन्होंने कहा कि वे चाहते कि ये सभी आवास जल्द से जल्द बनाए जाए ताकि अन्य विधायकों को भी आवास को आवंटित कर दिया जाए। उद्घाटन समारोह में सीएम के साथ बिहार विधानसभा के अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी समेत अन्य मौजूद रहे।
विधायकों के लिए बनाया गया नया आवास दो तल्ले का है। ग्राउंड फ्लोर में ड्राइंग रूम, डायनिंग रूम, गेस्ट रूम, ऑफिस चेंबर है। पहली मंजिल पर मास्टर बैडरूम, फैमिली लाउंज, पूजा घर और खुले छत की व्यवस्था की गयी है। कार पार्किंग के लिए भी अलग से जगह बनाया गया है। भवन के बाहर वर्षा जल संचयन के लिए भी विशेष व्यवस्था की गयी है।



