ताज़ा ख़बरें

CM केजरीवाल का ऐलान- दिल्ली के 5 बाजारों का होगा पुनर्विकास

नई दिल्ली- 13 जून। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को डिजिटल प्रेस वार्ता कर कहा कि दिल्ली के कई बाजार ऐसे हैं, जो बहुत प्रसिद्ध हैं। एक-एक बाजार की अपनी पहचान है, अपनी कहानी है। दिल्ली में लगभग 3.50 लाख दुकानें हैं और इन बाजारों में लगभग 7.5 लाख से आठ लाख लोग काम करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसा कि हमने बजट के दौरान ऐलान किया था कि दिल्ली के बाजारों का पुनर्विकास किया जाएगा। पुनर्विकास का मतलब कि बाजारों के भौतिक बुनियादी ढांचे को ठीक किया जाएगा, यानि सड़कें, सीवर, पानी एवं पार्किंग को दुरूस्त कर मार्केट को खूबसूरत बनाया जाएगा। साथ ही उन बाजारों की ब्रांडिंग की जाएगी और हर मार्केट को अलग-अलग तरीके से ब्रांडिंग कर देश और दुनिया के सामने उनको एक ब्रांड के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

केजरीवाल ने कहा कि पहले फेज में दिल्ली सरकार पांच बाजार ले रही है। सारे बाजार एक साथ नहीं लिए जा सकते हैं। यह फैसला दिल्ली के लोगों के साथ मिलकर तय किया है कि पहले फेज में वो कौन से बाजार होने चाहिए, जिनका पुनर्विकास और ब्रांडिंग की जाए। इसके लिए 22 अप्रैल को सभी अखबारों में विज्ञापन दिया गया कि जो भी मार्केट एसोसिएशन चाहती हैं कि उनके बाजार का पुनर्विकास किया जाए, वो आवेदन करें। दिल्ली सरकार के पास लगभग 33 मार्केट के 49 आवेदन आए।

उन्होंने कहा कि हमने एक आठ सदस्यीय चयन समिति बनाई। इस समिति में अधिकारी भी थे और उसमें इंडस्ट्री और मार्केट एसोसिएशन के लोग भी थे। आठ सदस्यीय चयन समिति ने सारे आवेदनों को देखा और फिर मार्केट एसोसिएशंस और आवेदन कर्ताओं के साथ बातचीत की। इसके बाद समिति ने 9 आवेदनों को शॉर्टलिस्ट किया। यह समिति शॉर्टलिस्ट किए गए इन 9 बाजारों में घूमकर आई। नौ बाजारों में घूमने के बाद पांच बाजारों को शॉर्टलिस्ट किया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले फेज में पांच बाजार लिए हैं। इनमें पहला बाजार कमला नगर है। चयन समिति ने यह भी लिखा है कि उस बाजार की यूएसपी क्या है? यानि उस बाजार को किस तरह से ब्रैंड किया जाएगा। कमला नगर मार्केट एक तरह से युवाओं का अड्डा है। दूसरा बाजार खारी बावली है। खारी बावली में दुनिया भर के मसाले वहां पर मिलेंगे। तीसरा बाजार लाजपत नगर है। लाजपत नगर में सब चीजें फैशनेबल मिलती हैं। अगर आपको शादी की शॉपिंग करनी है तो लाजपत नगर में आप सारी शॉपिंग कर सकते हैं। चौथी मार्केट सरोजिनी नगर है। यह मार्केट फास्ट फैशन, लेटेस्ट ट्रेंड सेटिंग और स्ट्रीट मार्केट के रूप में जाना जाता है। पांचवीं मार्केट कीर्ति नगर है। कीर्ति नगर फर्नीचर की सबसे बड़ी मार्केट है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पांच बाजारों के चयन के बाद अब हम डिजाइन कंपटीशन रखने जा रहे हैं कि किस मार्केट को कैसे किया जाए। देश के सबसे बेहतरीन डिजाइनर्स और देश के सबसे बेहतरीन आर्किटेक्ट इस डिजाइन कंपटीशन में भाग लेंगे। हम अगले 6 हफ्ते के अंदर यह डिजाइन कंपटीशन की घोषणा कर देंगे। डिजाइन कंपटीशन से जो डिजाइन आएंगे, उनमें से जो बेहतर डिजाइन होगा उसके आधार पर इन मार्केट का पुनर्विकास किया जाएगा।

बाजारों के चयन के लिए मार्केट एसोसिएशनों से मांगे गए थे आवेदन

पहले चरण में पुनर्विकास के लिए पांच बाजारों का चयन करने के लिए उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की ओर से 21 अप्रैल को एक स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन का आयोजन किया गया, जिसमें 50 मार्केट एसोसिएशनों के 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। यह बैठक चयन प्रक्रिया को शुरू करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। 22 अप्रैल को एक विज्ञापन जारी किया गया था और दिल्ली के प्रतिष्ठित खुदरा बाजारों के सभी मार्केट एसोसिएशनों को चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए एक फॉर्म भरने के लिए आमंत्रित किया गया था।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button