
CM नीतीश राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार नहीं: ललन सिंह
पटना- 11 जून। राष्ट्रपति चुनावों की घोषणा के बाद से ही बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर चर्चा जोरों पर है। इसे लेकर भाजपा, एनडीए और राजद के नेताओं ने नीतीश कुमार को राष्ट्रपति का उम्मीदवार बनाए जाने पर पार्टी की सहमति को भी जाहिर किया है लेकिन इस बीच जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह का शनिवार को बड़ा बयान आया है।
लखीसराय में जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल होने के बाद आज मीडिया से बात करते हुए ललन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार नहीं है और वो राष्ट्रपति बनने भी नहीं जा रहे हैं। नीतीश कुमार की राष्ट्रपति बनने की कोई इच्छा नहीं है। नीतीश कुमार को बिहार की जनता ने 2025 तक मुख्यमंत्री बनाया है। वे बिहार में रहकर ही जनता की सेवा करना चाहते हैं।
उल्लेखनीय है कि निर्वाचन आयोग ने दो दिन पहले राष्ट्रपति चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की थी। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है। अगले राष्ट्रपति का के चुनाव के लिए 18 जुलाई को मतदान होगा और 21 जुलाई को मतगणना की जाएगी।



