
चीन की रेडक्रॉस सोसाइटी ईरान की आईआरसीएस को 2 लाख डॉलर की मदद देगी
बीजिंग/मॉस्को- 14 मार्च। ईरान के साथ अमेरिका-इजराइल के सैन्य टकराव के बीच चीन की रेडक्रॉस सोसाइटी ने ईरान की रेड क्रिसेंट सोसाइटी (आईआरसीएस) को आपातकालीन मानवीय सहायता के तौर पर 2,00,000 अमेरिकी डॉलर देने की घोषणा की है। चीन ने ईरान के एक प्राइमरी स्कूल पर हाल ही में हुए हमले में छात्रों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उधर, रूस की तरफ से राष्ट्रपति के आदेश पर अजरबैजान के रास्ते भेजी गई 13 टन मानवीय सहायता ईरान के अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने चीनी विदेश मंत्रालय के हवाले से बताया कि मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने शुक्रवार को कहा कि चीन ने ईरान के एक प्राथमिक स्कूल पर हमले में छात्रों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। प्रवक्ता ने कहा कि चीन की रेडक्रॉस सोसाइटी ने ईरान की रेड क्रिसेंट सोसाइटी को आपातकालीन मानवीय सहायता के तौर पर 200,000 अमेरिकी डॉलर देने का फैसला किया है।
तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनादोलु (एए) ने रूस के आपातकालीन मंत्रालय के हवाले से गुरुवार को बताया था कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आदेश पर अजरबैजान के रास्ते ईरान को 13 टन मानवीय सहायता भेज गई है।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दवाओं वाली यह खेप अज़रबैजान को सौंप दी गई है, ताकि इसे आगे ईरानी अधिकारियों तक पहुंचाया जा सके।बयान में कहा गया है कि मंत्रालय के विमानन विभाग ने दवाओं को अजरबैजान गणराज्य तक पहुँचाने का इंतज़ाम किया, ताकि उन्हें आगे इस्लामिक गणराज्य ईरान की सरकार के अधिकृत प्रतिनिधियों को सौंपा जा सके।



