
CBI ने हाजीपुर सेंट्रल जीएसटी के सुपरिटेंडेंट एवं इंस्पेक्टर को किया गिरफ्तार
पटना- 28 फरवरी। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने हाजीपुर सेंट्रल जीएसटी के सुपरिटेंडेंट अभय कुमार दत्ता और इंस्पेक्टर सौरव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों पर रिश्वत लेने का आरोप लगा था और उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। दोनों अधिकारियों के खिलाफ हाजीपुर के रहने वाले राजेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी।
राजेश कुमार ने सीबीआई में शिकायत की थी कि उन्होंने ईंट भट्टे का काम शुरू करने के लिए जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराया था लेकिन कामकाज शुरू नहीं हो पाया। हाजीपुर जीएसटी सुपरिटेंडेंट और इंस्पेक्टर ने उनसे जीएसटी रिटर्न फाइल कर मुलाकात के लिए कहा। रिटर्न फाइल करने के बाद जब वह अधिकारियों से मिले तो उनसे जीएसटी रजिस्ट्रेशन नंबर चालू रखने की एवज में 10 हजार की घूस मांगी गई। इसके बाद राजेश कुमार ने दोनों के विरोध में मामला दर्ज कर जांच की मांग की थी। जांच में सही पाये जाने पर सोमवार को दोनों की गिरफ्तारी हुई है ।



