
MADHUBANI:- सुक्की में मुखिया के करीबी की निर्मम हत्या, साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से अपराधियों ने शव के चेहरे पर तेजाब डाला
मधुबनी- 05 अप्रैल। मधुबनी जिले के खजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत सुक्की गाँव निवासी रंजीत राम की बदमाशों ने निर्मम हत्या कर दीऔर शव को घर के पास ही फेंक दिया। रविवार सुबह जब शव से दुर्गंध आने लगी, तब ग्रामीणों ने उसे देखा और पुलिस को सूचना दी। मृतक के परिजनों के अनुसार रंजीत राम शुक्रवार की रात्रि से ही लापता था। घर वालों ने उसकी काफी खोजबीन की, परंतू उसका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार की सुबह जब घर के पास के एक स्थान से तेज बदबू आने लगी, तो लोग वहां पहुंचे और रंजीत का शव देखा।
पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुहंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया। शव के साथ सदर अस्पताल पहुंचे मृतक के भाई ने बताया कि रंजीत की हत्या बड़ी बेरहमी से की गई है। साक्ष्य छुपाने और पहचान मिटाने के उद्देश्य से अपराधियों ने उसके चेहरे पर तेजाब डाल दिया था। रंजीत स्थानीय सुक्की पंचायत के मुखिया का बेहद करीबी था और उनके सभी कार्यों की देखरेख करता था। मुखिया और उनके सहयोगी भी पिछले दो दिनों से उसे ढूंढ रहे थे। मृतक का एक 12 वर्षीय पुत्र है, जिसके भविष्य को लेकर परिवार चिंतित है कि अब उसका भरण-पोषण कौन करेगा। वहीं पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है।



