भारत

भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पद संभालने के बाद कहा- भाजपा में राजनीति पदभार नहीं, उत्तरदायित्व है

नई दिल्ली- 20 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने पहले संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों की भावनाओं से जुड़ने वाला ही बड़ा बन सकता है। कार्यकर्ता के तौर पर प्रधानमंत्री मोदी के देशसेवा के काम को करते हुए देखा है। उनसे सीखा है कि जो व्यक्ति खुद को लोगों की भावनाओं से जुड़ने वाला बना सकता है, वही बड़ा शख्स बनता है। भाजपा में राजनीति पदभार नहीं उत्तरदायित्व है।

नितिन नबीन ने मोदी के साथ एक कार्यक्रम में बातचीत का जिक्र करते हुए कहा, ”मुझे याद है कि जब मैंने पहली बार गुजरात के आणंंद में आपके साथ एक कार्यक्रम में भाग लिया था। उस वक्त मैंने सद्भावना मिशन कार्यक्रम के दौरान आपको प्रत्येक व्यक्ति की बात ध्यान से सुनते हुए देखा था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद, जब आपने अपने कक्ष में हमसे बात की तो आपने बड़ी भावुकता से समझाया कि गुजरात से इतने सारे लोग क्यों आए थे। उस दिन मुझे समझ आया कि एक व्यक्ति तभी महान बनता है, जब वह जनता की भावनाओं से जुड़ता है।”

उन्होंने कहा कि यदि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है, तो इसकी वजह हमारा प्रेरणादायी नेतृत्व है, हमारी विचारधारा और कार्यकर्ताओं की मेहनत है। वो कार्यकर्ता, जो अनवरत काम करता है, जो कठिन से कठिन परिस्थिति में भी भारत का ध्वज झुकने नहीं देता है, जो सीना ठोककर कहता है, तेरा वैभव अमर रहे माँ।

नबीन ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि तमिलनाडु की एक पहाड़ी पर पवित्र कार्तिगै दीपम पर्व को रोकने की कोशिश की गयी। यह कोई एकमात्र घटना नहीं है; विपक्ष ने और भी कई बातों को रोकने की साजिश रची है। एक न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग लाने का प्रयास किया गया। सोमनाथ में गौरव पर्व को मनाने से विपक्षी दलों के लोगों को असहजता होती है। उन्होंने कहा कि ऐसी परंपराओं को रोकने की कोशिश करने वाली शक्तियों का सामना करना आवश्यक है। सभी को यह सुनिश्चित करना होगा कि राम सेतु के अस्तित्व से इनकार करने वाले और कार्तिगै दीपम पर्व का विरोध करने वालों के लिए भारतीय राजनीति में कोई स्थान न हो।

नबीन ने कहा कि आने वाले कुछ महीनों में तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, केरल और पुडुचेरी में चुनाव होने जा रहे हैं और इन राज्यों की जनसांख्यिकी पर व्यापक चर्चा हो रही है। बदलती जनसांख्यिकी वहां की स्थिति को बदल रही है और यह हमारे लिए एक चुनौती है लेकिन पूरा भरोसा है कि भाजपा कार्यकर्ता अपने संघर्ष और कड़ी मेहनत के बल पर पार्टी को इन सभी पांचों राज्यों में सफलता दिलाएंगे।

उल्लेखनीय है कि 1980 में जन्में नितिन नबीन ने अपनी राजनीतिक यात्रा की नींव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कड़े अनुशासन और अटूट राष्ट्रभक्ति से रखी। बीते दो दशकों में उन्होंने अपनी मेहनत और दूरदर्शिता से भाजपा संगठन में एक साधारण कार्यकर्ता से लेकर पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी तक का सफर तय किया है। वर्ष 2006 में उन्होंने पटना पश्चिम से पहली बार विधायक बनकर जनसेवा का संकल्प लिया और बिहार सरकार में मंत्री रहते हुए पथ निर्माण और नगर विकास जैसे महत्वपूर्ण विभागों में अभूतपूर्व सुधार किए।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button