भारत

BJP के स्थापन दिवस पर बोले पीएम मोदी, कहा- भाजपा को भगवान हनुमान से मिलती है भ्रष्टाचार और वंशवाद से लड़ने की प्रेरणा

नई दिल्ली- 06 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भगवान हनुमान के जीवन को भारत की विकास यात्रा के लिए प्रेरणा बताया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को भ्रष्टाचार से लड़ने की प्रेरणा भगवान हनुमान से मिलती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को भाजपा के 44वें स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार और वंशवाद से लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा ने लोकतंत्र की कोख से जन्म लिया है। भाजपा के लिए देश सबसे ऊपर है। पार्टी भारत को भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, कानून और व्यवस्था की चुनौतियों से मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पहले राजनीति के नाम पर दिखावा हुआ। भाजपा सामाजिक न्याय को जीती है। भाजपा देश में मुख्य सेवक की भूमिका में है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा भारत के लिए दिन-रात काम कर रही है और हमारी पार्टी ‘मां भारती’, संविधान और राष्ट्र को समर्पित है। उन्होंने भाजपा के स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि पार्टी को खून-पसीने से सींचने वाले कार्यकर्ताओं के कारण ही हमें देश सेवा का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा, “हमने ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र को अपना आदर्श वाक्य बनाया है। भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ काम कर रही है।”

प्रधानमंत्री ने देशवासियों को भगवान हनुमान के जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं और कहा कि हनुमान जी और उनके जीवन के प्रमुख प्रसंग आज भी हमें विकास यात्रा के लिए प्रेरणा देते हैं। हनुमान जी के पास असीम शक्ति है लेकिन इस शक्ति का इस्तेमाल वो तभी कर पाते हैं जब स्वयं पर से उनका संदेह समाप्त हो जाता है। 2014 से पहले भारत की भी यही स्थिति थी लेकिन आज भारत बजरंगबली की तरह अपने भीतर सूक्त शक्तियों का आभास कर चुका है। उन्होंने कहा कि आज भारत हनुमान की शक्ति की तरह अपनी क्षमता का एहसास कर रहा है। भाजपा को भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था की चुनौतियों से लड़ने की प्रेरणा भगवान हनुमान से मिलती है। यदि हम भगवान हनुमान के पूरे जीवन को देखें, तो उनके पास “कर सकते हैं” रवैया था, जिसने उन्हें सभी प्रकार की सफलता दिलाने में मदद की। हनुमान जी दुष्टों का और भाजपा भ्रष्टाचारियों का नाश करते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने मुफ्त राशन, इलाज और शौचालय योजना का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा का जोर सामाजिक न्याय पर है। भाजपा सामाजिक न्याय को जीती है, इसकी भावना का अक्षरश: पालन करती है। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिलना सामाजिक न्याय का प्रतिबिंब है। 50 करोड़ गरीबों को बिना भेदभाव 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलना सामाजिक न्याय की सशक्त अभिव्यक्ति है। 45 करोड़ गरीबों के बिना भेदभाव जनधन खाते खोलना सामाजिक न्याय के समावेशी एजेंडा का जीता जगता उदाहरण है। 11 करोड़ लोगों को शौचालय मिलना ही तो सामाजिक न्याय है। बिना तुष्टिकरण और भेदभाव किए भाजपा सामाजिक न्याय के इरादों को सच्चे अर्थों में साकार करने वाला एक पर्याय बन कर उभरी है। आज भारत समंदर जैसी विशाल चुनौतियों को पार करने और उनका मुकाबला करने में पहले से ज्यादा सक्षम है।

प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने (विपक्ष) कभी नहीं सोचा था कि अनुच्छेद 370 एक दिन इतिहास बन जाएगा। भाजपा जो काम कर रही है, उसे वे पचा नहीं पा रहे हैं। आज वे इतने हताश हो गए हैं कि खुलेआम कहने लगे हैं ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी।’ उन्होंने कहा कि अस्तित्व के संकट से जूझ रही पार्टियां हमारे खिलाफ साजिश करती रहेंगी लेकिन गरीब, वंचित, दलित, आदिवासी ‘कमल’ की रक्षा कर रहे हैं।

इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पार्टी ने कच्छ से लेकर पूर्वोत्तर तक और कश्मीर से लेकर केरल तक अपनी छाप छोड़ी है। हमारे कार्यकर्ताओं ने पार्टी को स्थापित किया है। आज पार्टी द्वारा 1 लाख 80 हजार शक्ति केंद्रों पर काम किया जा रहा है। 8 लाख 40 हजार बूथों पर भाजपा का बूथ अध्यक्ष मौजूद है। उन्होंने कहा कि मैं अपने करोड़ों कार्यकर्ताओं को पार्टी के स्थापना दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देता हूं। आज हमें यह संकल्प लेना है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमें एक क्षण के लिए भी बैठना नहीं है और हम पार्टी को और आगे ले जाएंगे।

इससे पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में भाजपा का झंडा फहराया।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button