
सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, कई जख्मी
बुनियादपुर- 06 मार्च। शादी समारोह में जा रहे लोगों के वाहन का अगला टायर फटने से अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। इस सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना में दुल्हन पक्ष के करीब 25 लोग घायल हुए हैं। घटना शनिवार रात बंगशिहारी थाना इलाके के नारायणपुर के मोल्लापाडा इलाके में हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार बुनियादपुर के कुस्करी से कुछ लोग एक वाहन से शादी समारोह में शामिल होने के लिए कुशमंडी जा रहे थे। मोल्लापाडा इलाके में वाहन का अगला पहिया फटने से चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद वाहन सड़क किनारे कई पेड़ों से टकरा गई। इस घटना में दिलीप सरकार (24) नामक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। खबर मिलते ही बंगशिहारी थाने की पुलिस भी वहां पहुची। स्थानीय लोग पुलिस के साथ घायलों को राशिदपुर ग्रामीण अस्पताल ले गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंगारामपुर महकमा अस्पताल स्थानान्तरित कर दिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।



