
BIHAR:- विधान परिषद चुनाव में तेजप्रताप ने राजद से मांगे छह सीट
पटना- 11 जनवरी। राजद सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे ने साफ किया है कि बिहार में होने वाले विधान परिषद चुनाव में एक चौथाई सीट पर उनके छात्र जनशक्ति परिषद के उम्मीदवारों को जगह मिलनी चाहिए। तेज प्रताप के संगठन ने साफ कर दिया है कि उनकी शर्त मानने पर ही राजद को इस चुनाव में समर्थन दिया जाएगा, अन्यथा नहीं। छात्र जनशक्ति परिषद ने विधान परिषद के चुनाव में राजद से छह सीटों की मांग की है। छात्र जनशक्ति परिषद के प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत प्रताप यादव ने कहा है कि यह बात राजद के सभी नेता भी जानते है कि श्रीकृष्ण के बिना पार्टी की जीत संभव नहीं है। प्रदेश के अधिकतम छात्र-युवा छात्र जनशक्ति परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव के साथ हैं। इसलिए राजद को विधान परिषद चुनाव में कम से कम 25 प्रतिशत सीटों पर उम्मीदवार का चयन करने के लिए तेजप्रताप यादव को अधिकृत करना चाहिए। अगर राजद विधान परिषद की छह सीट छात्र जनशक्ति परिषद को देता है तो छात्र जनशक्ति परिषद का पूर्ण समर्थन राजद के सभी उम्मीदवार के साथ होगा।
उन्होंने कहा कि तेजप्रताप यादव अभी तक अपने सिद्धांतों से समझौते के लिए तैयार नहीं हैं, जिसके कारण वह पिता की पार्टी से बगावत नहीं कर पा रहे हैं लेकिन उनकी मांग को गंभीरता से नहीं ली गई तो दूसरी पार्टी की तरफ से उन्हें डिप्टी सीएम बनाने का ऑफर दिया गया है। प्रशांत प्रताप यादव का इशारा जदयू की तरफ था। इस बीच तेजस्वी यादव ने विधान परिषद चुनाव के 24 सीटों में से नौ सीटों पर राजद के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है. जिसे लालू यादव की स्वीकृति का इंतजार है ।



