
BIHAR:- लालगंज थानाध्यक्ष चंद्र भूषण शुक्ला के 4 ठिकानों पर EOU का छापा, 89 लाख रुपये की अवैध कमाई का चला पता
पटना- 01 दिसंबर। आय से अधिक संपत्ति एवं शराब माफियाओं से सांठगांठ मामले में वैशाली जिले के लालगंज थानाध्यक्ष चंद्र भूषण शुक्ला के चार ठिकानों पर बुधवार सुबह शुरू हुई छापेमारी रात आठ बजे के करीब समाप्त हुई।
आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने थाना अध्यक्ष के छपरा, हाजीपुर, लालगंज, बेतिया आवास पर एक साथ छापेमारी की। जांच के दौरान वेतन से 93 प्रतिशत अधिक की संपत्ति का पता चला है। 11 वर्षों की नौकरी के दौरान 89 लाख से अधिक की दरोगा ने अवैध कमाई की है। छापेमारी में पत्नी के नाम से बेतिया में आलीशान दो मकान का खुलासा हुआ है। वहीं पिता के नाम पर छपरा में मकान खरीदा है, जिसकी कीमत 42 लाख 93 हजार रुपये आंकी गई है।
थानेदार और पत्नी के नाम बैंक एकाउंट में 11 लाख 79 हजार की राशि का पता चला है जबकि बीमा पॉलिसी, म्युचुअल फंड और गाड़ियों की खरीद पर 34 लाख 74 रुपये दरोगा ने खर्च किया। इसके अलावा 13 लाख 73 हजार रुपये अन्य सामानों में खरीदारी करने की जानकारी मिली है। लालगंज आवास से 92 हजार कैश बरामद हुआ है। ईओयू ने कुल 89 लाख 47 हजार रुपये की कमाई का खुलासा किया है।



