बिहार

BIHAR:- राज्य में अल्प बारिश से प्रभावित किसानों को शीघ्र दी जाए सहायता: CM नीतीश

पटना- 13 अक्टूबर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को राज्य में अल्प एवं अनियमित बारिश से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्प बारिश के कारण सभी प्रभावित जिलों के प्रखण्ड, पंचायत, गांव एवं टोला स्तर तक सुखाड़ की स्थिति का कराए गए आंकलन में जो भी प्रभावित किसान हैं उन्हें शीघ्र सहायता दी जाए।

उन्होंने कहा कि जितने क्षेत्रों में धान की रोपनी हुई है उसकी सिंचाई के लिए किसानों को डीजल अनुदान का लाभ दिया जा रहा है। डीजल अनुदान योजना के तहत जो बचे हुए आवेदक हैं, उन्हें डीजल अनुदान का लाभ तेजी से दिलाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्टूबर माह में अधिक बारिश के कारण कई जिलों में फसल क्षति की जानकारी मिली है। इसका आकलन कराकर प्रभावित किसानों को भी सहायता उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि आकस्मिक फसल योजना के तहत किए गए बीज वितरण का फायदा सभी किसानों को दिलाएं ताकि उन्हें कृषि कार्य में राहत मिल सके।

इससे पहले बैठक में आपदा प्रबंधन-सह-जल संसाधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अल्प बारिश के कारण उत्पन्न स्थिति की जिलावार, प्रखण्डवार एवं पंचायतवार जानकारी दी और खरीफ फसल 2022 में जिलावार धान रोपनी की भी जानकारी दी। उन्होंने इस वर्ष मॉनसून अवधि में सभी जिलों में अब तक की बारिश की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में 01 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक सभी जिलों में अच्छी बारिश हुई है। इस वर्षा से कुछ जिलों में धान के फसल के क्षति की जानकारी मिली है जिसका आंकलन कराया जा रहा है।

आपदा प्रबंधन-सह-जल संसाधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि डीजल अनुदान योजना के अंतर्गत 11 लाख 22 हजार 797 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें 06 लाख 67 हजार 42 आवेदकों के खाते में 96.31 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित कर दी गयी है। शेष आवेदनों की जांच तेजी से की जा रही है। जल्द ही आवेदकों के खाते में भी राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आकस्मिक फसल योजना के तहत वितरित किए गए बीज से 80 प्रतिशत किसानों ने फसलों का आच्छादन कर दिया है और शेष 20 प्रतिशत किसान भी फसलों का आच्छादन कर रहे हैं।

बैठक में वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत, आपदा प्रबंधन मंत्री शाहनवाज सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button