
BIHAR:- मोतिहारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, होली के पूर्व 99 डीजे व लाखों रुपये का शराब जब्त
पूर्वी चंपारण- 24 मार्च। एसपी कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर जिला पुलिस टीम ने विशेष अभियान चलाकर होली के पूर्व हुडदंगियों पर नकेल कस दिया है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में कारवाई करते हुए पुलिस ने 99 डीजे को जब्त किया है। इसके साथ ही देशी व विदेशी कुल 3900 लीटर शराब बरामद करते हुए 103 लोगो को गिरफ्तार किया है।साथ ही अन्य शराब तस्करों के विरूद्ध कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस के इस अभियान से शराब तस्करों और हुड़दंगियों के बीच दहशत व्याप्त है।पुलिस लोकसभा चुनाव को लेकर होली के अवसर पर मतदाताओं के बीच पैसा बांटने वाले पर भी सख्त निगाह रख रही है।
एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया है कि होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर जिला के अलग अलग थाना में 99 डीजे को जब्त किया गया है। वहीं पुलिस ने देशी चुलाई 3428 व विदेशी 493.5 लीटर शराब को जब्त किया है।पुलिस ने छापेमारी के दौरान 16000 लीटर अर्धनिर्मित शराब को विनष्ट कर 103 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी श्री मिश्र ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 43 बाइक,05 कार, एक टेम्पू,एक जीप को भी जप्त किया है।इसके साथ पुलिस लगातार फ्लैगमार्च व सघन वाहन जांच कर संदिग्धो के धर-पकड़ में जुटी है।



