
BIHAR:- मोतिहारी के भ्रष्ट जिला अवर निबंधक निलंबित
पटना- 22 फरवरी। निगरानी की टीम में छापेमारी के दौरान करोड़ों की अवैध संपत्ति मिलने के बाद मोतिहारी के भ्रष्ट जिला अवर निबंधक बृज बिहारी शरण को निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। निलंबन की अवधि में मुख्यालय पूर्णिया जिला अवर निबंधन कार्यालय निर्धारित किया गया है ।
उल्लेखनीय है कि निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में जिला अवर निबंधक बृज बिहारी शरण पर दो फरवरी को केस दर्ज किया था। दर्ज किये गये केस के आधार पर निगरानी ने उनके पटना सहित तीन ठिकानों पर छापेमारी की थी। छापेमारी में अकूत संपत्ति का पता चला था। निगरानी ब्यूरो की रिपोर्ट के बाद निबंधन विभाग ने बृज बिहारी शरण को निलंबित कर दिया है।
जिला अवर निबंधक के पटना के पूर्णेंदु नगर मोहल्ला में स्थित आवास पर निगरानी की टीम ने लगभग 11 लाख रुपये कैश के अलावा दो किलो से अधिक सोने-चांदी के गहने और सात बैंक खातों में जमा 82 लाख रुपये बरामद किये थे। जेवरातों की कीमत करीब 24 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई। इसके अलावा 14 पॉलिसी के कागजात भी मिले थे, जिनकी कीमत भी लाखों में आंकी गयी है। कई स्थानों पर जमीन और फ्लैट से जुड़े 11 कागजात भी मिले हैं, जिनकी कीमत भी करोड़ों में आंकी गयी है।



