
BIHAR: पानी भरे गड्ढे में स्कोर्पियो पलटने से बारात गए 2 बच्चों की मौत,4 घायल
रोहतास- 22 नवंबर। रोहतास जिले के भानस ओपी क्षेत्र डोइयां गांव के समीप राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-30 पर सोमवार को बारातियों से भरी एक स्कोर्पियो पानी से भरे गड्ढे में पलटने से दो बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में कोचस थाना के सतसा निवासी चंदन चौधरी का आठ वर्षीय पुत्र प्रकाश कुमार एवं काराकाट थाना के पूरहरा निवासी अमृत कुमार उर्फ पप्पू कुमार की पुत्री शीलू कुमारी (14) है। चार बाराती जख्मी हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज कोचस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
भानस ओपी प्रभारी उपेंद्र नारायण यादव ने बताया कि रूपी गांव से एक बारात पिठौरिया गई थी जो सोमवार को वापस लौटने के क्रम में बारातियों से भरी एक स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर पानी से भरे गड्ढे में पलट गई, जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई व अन्य जख्मी हैं। बताया कि स्कार्पियो पलटने से दोनों बच्चों सहित छह लोग घायल हो गए थे। सभी घायलों को कोचस पीएससी में भर्ती कराया गया,जहां चिकित्सकों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। शेष का इलाज किया जा रहा है। घटना की पूरी जानकारी के लिए पुलिस टीम कोचस रवाना हो गई है।



