
BIHAR- दरभंगा में जमीन विवाद में झुलसे भाई-बहन की पटना में हुई मौत
पटना- 15 फरवरी। बीते दस फरवरी को दरभंगा शहर में जमीन विवाद में जिंदा जला देने के बाद बुरी तरह झुलसे भाई-बहन की मंगलवार को पटना स्थित पीएमसीएच में मौत हो गयी। सुबह पिंकी झा की मौत हुई और उसके थोड़ी देर बाद भाई संजय झा की भी मौत हो गयी।गर्भवती बहन के पेट में पल रहे बच्चे की मौत घटना के दूसरे दिन ही हो गयी थी। इस ट्रिपल मर्डर केस से पूरा शहर हिल गया है। इस घटना के विरोध में एमएसयू नामक संगठन ने 17 फरवरी को दरभंगा बंद का एलान किया है।भू-माफिया ने दरभंगा के गिरिंद्र मोहन रोड स्थित बंगला नंबर चार पर कब्जा करने को लेकर इस घटना को अंजाम दिया था। घर को बुल्डोजर से तोड़ने के क्रम में परिवार के चार सदस्यों को जिंदा जलाने का प्रयास किया गया था। अब इस घटना में झुलस गए चार में से दो लोगों की मौत हो चुकी है। इस मामले को लेकर पुलिस प्रशासन पर भी काफी सवाल उठा था।

थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार गुरुवार की देर शाम करीब 20 से 25 की संख्या में आए भू माफियाओं ने संजय झा नामक व्यक्ति के मकान को जबरन बुलडोजर से ढहाने की कोशिश की थी। इसके बाद घर को आग लगा दिया था। आग लगाकर जिंदा जलाकर मार डालने की कोशिश में घर के तीन सदस्य गंभीर रूप से जख्मी हो गये, जबकि एक हल्के रूप से झुलसे थे।संजय और उनकी गर्भवती बहन पिंकी बुरी तरह झुलस गईं। डीएमसीएच में भर्ती करने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया था। जहां मंगलवार को इन दोनों ही भाई बहन की मौत हो गई।
मुख्य आरोपी शिव कुमार झा की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांड से जुड़े 8 अपराधियों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया था। मामले में कुल 40 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। अब तक 13 अभियुक्तों की पहचान कर ली गयी, जिसमें से 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दरभंगा के प्रभारी वरीय पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार प्रसाद ने यह जानकारी दी।



