
BIHAR:- गोलियों से दहला बेगूसराय का दियारा,गोली लगने से दो गंभीर
बेगूसराय- 28 नवंबर। जिला के बछवाड़ा थाना क्षेत्र में रविवार की देर शाम चारा काटने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर गोलीबारी हुई है। इस घटना में गोली लगने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें चिंताजनक हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक बछवाड़ा थाना क्षेत्र के पंचखुटी निवासी हुकुम राय के पुत्र अविनाश कुमार तथा उसके रिश्तेदार पटना जिला निवासी चंदन कुमार बताया जा रहा है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि अविनाश कुमार एवं चंदन कुमार पंचखुटी दियारा में खेत में घास काट रहे थे। इसी दौरान गंगा नदी के पार पटना के अपराधी अचानक हुकुम राय के खेत पर आकर गोलीबारी करना शुुरु कर दिया। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास खेत में काम कर रहे लोग इधर उधर भागने लगे।
अविनाश और चंदन भी खेत से काम छोड़कर भागने लगा। लेकिन बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग करते हुए खदेड़ कर दोनों को गोली मार दिया ।इसके बाद जब लोगों ने हल्ला मचाया तो सभी बदमाश हथियार लहराते हुए गंगा नदी की ओर भाग निकले। आनन-फानन में दोनों घायल युवक को उठाकर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में दोनों को भर्ती कराया, जहां दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। बछवाड़ा थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि चारा काटने के विवाद में बदमाशों द्वारा गोलीबारी की घटना का मामला सामने आया है। तमाम बिंदुओं पर जांच पड़ताल तथा बदमाशों को चिन्हित किया जा रहा है।



