
BIHAR:- खगड़िया में शादी से लौट रही एसयूवी कार और ट्रेक्टर में जोरदार टक्कर, 8 की मौत, 3 गंभीर
खगड़िया- 18 मार्च। जिला के पसराहा थाना क्षेत्र में सोमवार को सुबह करीब 5:15 बजे एनएच 31 पर सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार वे सभी लोग शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे कि एसयूवी कार सीमेंट लदी ट्रैक्टर से टकरा गयी। उसके बाद एसयूवी कार कई फीट गड्ढे में जाकर गिर गयी। वाहन पर 11 लोग सवार थे। जिसमें सात लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। जबकि एक की सदर अस्पताल में ईलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसे बेहतर ईलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार परवत्ता प्रखंड क्षेत्र के बिठला गांव निवासी इंद्रदेव ठाकुर के पुत्र सौरभ कुमार की शनिवार की रात थी। शादी के बाद बारात लौटने के दौरान यह दर्दनाक दुर्घटना हुआ। बारात इसी जिला के चौथम थाना क्षेत्र के ठूठी मोहनपुर पंचायत के धमारा गांव गयी थी। देर रात्रि शादी के बाद बारात बिठला गांव लौट रही थी कि उक्त दुर्घटना हुआ। मृतकों में तीन बच्चे शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही पसराहा थाना पुलिस दुर्घटनास्थल पहुंच कर घायलों को सदर अस्पताल खगड़िया भेजे जाने के बाद मृतकों के बिखरे शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेजने में जुटी है। दुर्घटना के बाद एनएच- 31 पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही।
मृतकों में मड़ैया थाना क्षेत्र के बिठला गांव निवासी 59 वर्षीय प्रकाश सिंह, विनोद ठाकुर का 10 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार, मानसी थाना क्षेत्र के रोहियार गांव निवासी उमेश ठाकुर का 11 वर्षीय पुत्र मोनु कुमार,स्वर्गीय दिनेश ठाकुर का 19 वर्षीय पुत्र अमन कुमार,परवत्ता थाना क्षेत्र के खजरैठा गांव निवासी अर्जुन ठाकुर का 22 वर्षीय पुत्र बंटी कुमार, विशौनी गांव निवासी विकास ठाकुर का 22 वर्षीय पुत्र अंशु कुमार,भरतखंड थाना क्षेत्र के लोनियाचक (मथुरापुर) गांव निवासी विकास ठाकुर का 12 वर्षीय पुत्र दिलखुश कुमार एवं लोनियाचक(मथुरापुर) निवासी 58 वर्षीय पालेश्वर ठाकुर शामिल हैं। वहीं घायलों में सचिन ठाकुर,धर्मेन्द्र कुमार एवं कुंदन कुमार शामिल है।
इधर मृतक के परिजनों की चीख पुकार और हजारों लोगों का जमावड़ा बना रहा। इधर सदर अस्पताल और बिठला गांव तक शादी समारोह का माहौल अचानक चीख पुकार और मातमी में तब्दील हो गया।



