
BIHAR:- कोरोना की फिर से दस्तक, बिहार सरकार पूर्व से ही सक्रिय: वित्त मंत्री
पटना- 25 दिसम्बर। वित्त मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि कोरोना फिर से देश और दुनिया में दस्तक दे रहा है। चीन में इसके विस्फोट के साथ दुनिया में इसके बढ़ते संक्रमण से एक बार फिर से वैश्विक हलचल पैदा हो रही है। दुनिया भर की सरकारें अपने नागरिकों को सचेत-संदेश पूरे जोर से जारी कर रही हैं। क्योंकि, लोगों के संक्रमित होने के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं।
विजय चौधरी ने कहा कि पिछले दिनों बिहार में संक्रमित व्यक्तियों की संख्या लगभग शून्य हो गई थी। यह नतीजा जांच के अभाव में नहीं आया है। उल्टे कोरोना की जितनी जांच पूरे देश में हो रही है, उसका लगभग आधा सिर्फ बिहार सरकार अपने यहां करा रही है। उन्होंने कहा कि आज राज्य में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन भी उपलब्ध है। सभी चीजों का प्रतिदिन अनुश्रवण स्वास्थ्य विभाग द्वारा एवं मुख्यमंत्री के स्तर से भी किया जा रहा है।
मंत्री चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार मुफ्त टीके लगवाने की योजना काफी पहले बंद कर कोरोना के पुनर्संक्रमण को एक तरह से नकार चुकी थी लेकिन बिहार सरकार ने न सिर्फ कोरोना जांच की गति बरकरार रखी, बल्कि मुफ्त टीकाकरण योजना को भी जारी रखा। इसके अलावा ऑक्सीजन उत्पादन इकाईयों की स्थापना भी की गई।
उन्होंने कहा कि यह सरकार की लगातार सक्रियता एवं बिहार वासियों की सजगता का ही परिणाम है कि प्रदेश का माहौल अपेक्षाकृत सुरक्षित दिखता है। बिहार सरकार इसके लिए बधाई की पात्र है लेकिन आने वाले समय में ज्यादा सतर्क और सजग रहने की आवश्यकता है।



