
BIHAR:- एसएसबी 45वीं कैंप वीरपुर में बड़ा हादसा, 3 जवानों की करंट लगने से मौत, 9 जख्मी
सुपौल- 14 जनवरी। एसएसबी 45वीं बटालियन के वीरपुर कैंप में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। करंट लगने से 3 ट्रेनी जवानों की मौत हो गई, जबकि 9 जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को तत्काल ललित नारायण अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां से बेहतर इलाज के लिए चार जवानों को दरभंगा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जबकि पांच जवानों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में ही चल रहा है।
हादसे के बाद कैंप में अफरा तफरी का माहौल है। जानकारी के अनुसार 45 वीं बटालियन के कमांडेंट एचके गुप्ता का तबादला के बाद बुधवार की शाम उनके सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन एक टेंट में किया गया था।उसी टेंट को शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे ट्रेनी जवान खोल रहे थे। इसी दौरान टेंट के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार में अल्मुनियम का एक पाइप सट गया। सभी जवान एक जगह ही काम कर रहे थे इसलिए एक साथ कई लोग करंट की चपेट में आ गए। इसमें महाराष्ट्र निवासी अतुल पाटील (30), परशुराम सबर (24) एवं महेंद्र चंद्र कुमार बोपचे (28) की मौत मौके पर ही हो गई।
करंट से घायल जवान नरसिंह चैहान,के चंद्रशेखर,परितोष अधिकारी,मांडवे राजेंद्र,मो. शमशाद,सुकुमार वर्मा,सोना लाल यादव एवं आनंद किशोर को अनुमंडल अस्पताल लाया गया। प्रारंभिक इलाज के बाद चार घायल जवानों को रेफर कर दिया गया है।



