
BIHAR:- अपराधियों ने सीओ को दी सर कलम की धमकी,डीएम से सुरक्षा की गुहार
नवादा- 18 दिसम्बर। नवादा जिले के नक्सल प्रभावित कौआकोल अंचल के अंचल अधिकारी अंजली कुमारी एवं अंचल कार्यालय के आरटीपीएस में पदस्थापित कार्यपालक सहायक राकेश कुमार निराला को अज्ञात अपराधियों ने उनके निजी मोबाइल पर अलग – अलग नम्बर से इंटरनेट कॉल करके जमकर गाली गलौज किया एवं रंगदारी की मांग की है । रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की भी धमकी मिली है । कहा है कि रंगदारी नहीं दिये जाने पर शीघ्र ही सर कलम कर दिए जाएंगे। इतना ही नहीं अपराधी ने मोबाइल पर ही बातचीत के दौरान सीओ के निजी वाहन को उड़ा देने की भी बात कही।
घटना के बाद से परिवार समेत महिला सीओ अंजली कुमारी पूरी तरह से दहशत में है। घटना को लेकर सीओ ने शनिवार को स्थानीय थाना में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध लिखित प्राथमिकी दर्ज करा कर कार्रवाई की मांग की है। सीओ ने घटना की सूचना नवादा डीएम,सदर एसडीओ समेत अन्य उच्चाधिकारियों को भी देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। इस घटना को गंभीर मामला बताते हुए अंचल के कर्मचारियों ने भी उग्रवाद प्रभावित इलाके रह रहे अंचलाधिकारी की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की है ताकि उनका जान माल की सुरक्षा की जा सके।



