
BIHAR:- मधुबनी में दो फर्जी उत्पाद अधिकारी गिरफ्तार
मधुबनी- 10 फरवरी। उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो फर्जी उत्पाद अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। उक्त जानकारी उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस को जानकारी देते हुए बताया किय यह कार्रवाई राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिलखवार से रांटी बरही टोल के पास की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रांटी बरही टोल निवासी गोपी यादव के पुत्र दुर्गानंद कुमार एवं रांटी मोहनपुर निवासी हुकुमदेव यादव के पुत्र कमल कुमार के रूप में की गई है। दोनों आरोपी स्वयं को उत्पाद विभाग का अधिकारी बताकर लोगों से अवैध वसूली कर रहे थे। इसी क्रम में नगर थाना की पुलिस ने जयनगर थाना क्षेत्र के कमलाबारी निवासी रामसेवक यादव के पुत्र सुभाष यादव को भी गिरफ्तार किया है, जो इस पूरे मामले में पीड़ित बताया जा रहा है।
उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने बताया कि सुभाष यादव से दुर्गानंद कुमार और कमल कुमार ने फर्जी अधिकारी बनकर शराबबंदी कानून के नाम पर कार्रवाई की धमकी देते हुए 80 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित द्वारा दी गई सूचना के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए नगर थाना पुलिस के सहयोग से जाल बिछाकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसका उपयोग वे लोगों को डराने-धमकाने और भ्रमित करने में कर रहे थे। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी पहले भी कई लोगों से इसी तरह ठगी कर चुके हैं।
उत्पाद अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति यदि खुद को उत्पाद विभाग या किसी अन्य सरकारी विभाग का अधिकारी बताकर पैसे की मांग करता है तो तुरंत संबंधित थाना या विभाग को सूचना दें। उन्होंने कहा कि फर्जी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम लोगों को ठगी से बचाया जा सके और कानून व्यवस्था बनी रहे।



