
BIHAR:- राबड़ी देवी ने विधानपरिषद में उठाया महिला शिक्षकों के स्थानांतरण का मामला
पटना- 13 फरवरी। बिहार विधान परिषद में आज शिक्षा मंत्री सुनील कुमार अपने विभाग से जुड़े सवालों का जवाब दे रहे थे, उसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने महिला शिक्षकों को लेकर सभापति की अनुमति से अपना सुझाव रखा, जिस पर मंत्री ने पहल करने का आश्वासन दिया।
राबड़ी देवी ने कहा कि महिला शिक्षक का स्थानांतरण गृह जिला में होना चाहिए, क्योंकि अगर वह दूसरे जिले में नौकरी करती हैं तो उन्हें बहुत परेशानी होती है। महिलाओं को घर-परिवार और बच्चों की भी देखरेख करनी होती है। इसीलिए हम सरकार से मांग करती हैं कि जो महिला शिक्षक हैं, उनका ट्रांसफर उनके गृह जिले में ही किया जाए।
राबड़ी देवी के सवाल पर बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने सकारात्मक जवाब दिया है। उन्होंने कहा, ‘सभापति महोदय माननीया सदस्या ने जो बात कही है, उसको हम ग्रहण करते हैं।’ इससे पहले 3 फरवरी को भी विधानसभा में टीचर ट्रांसफर पॉलिसी का मामला उठा था। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने एक विधायक के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि म्यूचुअल ट्रांसफर विकल्प के तहत इच्छुक शिक्षक अपने अनुसार तबादला ले सकते हैं। हालांकि ये शर्त होगी कि उक्त स्कूल का भी शिक्षक उक्त स्कूल में स्थानांतरण चाहते हों।
बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का नौवां दिन है। आज भी दोनों सदनों में विपक्ष ने बढ़ते अपराध और खराब कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया। हालांकि अन्य दिनों की तुलना में आज सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चली।



