
BIHAR:- मधुबनी शहर में नकली शराब बनाने वाले गिरोह का मुख्य सरगना गिरफ्तार
मधुबनी- 07 फरवरी। जिला मुख्यालय से उत्पाद विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नकली शराब बनाने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। विभाग को लंबे समय से इस फरार आरोपी की तलाश थी, जिसे शनिवार को नगर थाना क्षेत्र के बारी टोल से दबोच लिया गया। उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलीप प्रसाद बारी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ सदर उत्पाद विभाग में मामला संख्या 447/25 दर्ज था। दरअसल, बीते साल 14 नवंबर को उत्पाद विभाग की टीम ने दिलीप के ठिकाने पर गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की थी। उस समय आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा था, लेकिन उसके घर से भारी मात्रा में नकली शराब बनाने की सामग्री बरामद हुई थी।
नवंबर में हुई रेड के दौरान टीम ने दिलीप के पास से 16.500 लीटर तैयार नकली शराब,483 पीस शराब की बोतलों के ढक्कन, 238 पीस विभिन्न ब्रांडों के रैपर, विभिन्न ब्रांडों की खाली बोतलें बरामद की थीं। अधीक्षक ने बताया कि आरोपी बड़े पैमाने पर नकली शराब का निर्माण कर उसे शहर और आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था। वह नामी ब्रांडों के रैपर और ढक्कन का इस्तेमाल कर लोगों को धोखा दे रहा था, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद घातक हो सकता था। इस गिरफ्तारी को उत्पाद विभाग एक बड़ी उपलब्धि मान रहा है। एक तरफ जहां मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आया, वहीं दूसरी ओर उत्पाद विभाग ने जिले के 65 अलग-अलग स्थानों पर शराब तस्करों और पियक्कड़ों के खिलाफ सघन तलाशी अभियान चलाया। इस विशेष कार्रवाई में विभाग ने 7 शराब तस्करों और आठ पियक्कड़ों को गिरफ्तार किया है।
छापेमारी के दौरान तस्करों के पास से 6 वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनका उपयोग शराब की ढुलाई के लिए किया जा रहा था। इस अभियान में कुल 225 लीटर देशी और 63 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने स्पष्ट किया कि आगामी होली के त्योहार को देखते हुए शराब माफिया सक्रिय हो सकते हैं, जिसे रोकने के लिए पूरी टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि जिले में विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में शराब के अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। पकड़े गए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्ट आकिल हुसैन।



