
BIHAR:- मधुबनी में LPG गैस सिलेंडर की भारी किल्लत, उपभोक्ताओं का हंगामा
मधुबनी- 16 मार्च। जिले में पिछले कुछ दिनों से एलपीजी गैस सिलेंडर की भारी किल्लत ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। गैस पाने के लिए लोग घंटों कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं, लेकिन आपूर्ति सुचारू न होने से उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे रहा है। इसी कड़ी में नगर थाना क्षेत्र के कैटोला स्थित गैस गोदाम पर स्थिति उस वक्त बेकाबू हो गई, जब सिलेंडर न मिलने से आक्रोशित लोगों ने जमकर बवाल काटा।
बताया जा रहा है कि घंटों इंतजार के बाद जब लोगों को गैस नहीं मिली, तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। उग्र भीड़ ने गोदाम के मुख्य गेट को निशाना बनाया और परिसर के अंदर घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस अचानक हुए हंगामे और हिंसा के कारण लाइन में लगे अन्य उपभोक्ताओं के बीच भगदड़ मच गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
पुलिस ने हंगामा करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान कैटोला निवासी प्रदीप चोपाल के पुत्र गोविंद चौपाल के रूप में हुई है। पुलिस अन्य उपद्रवियों की पहचान के लिए जांच कर रही है। गैस गोदाम के कर्मियों ने बताया कि जिला प्रशासन की गाइडलाइन के अनुसार केवल उन्हीं लोगों को सिलेंडर दिए जा रहे थे।



