
BIHAR:- डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी 28 मार्च को मधुबनी जिले के प्रवास पर रहेंगे
मधुबनी- 26 मार्च। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आगामी 28 मार्च को मधुबनी जिले के प्रवास पर रहेंगे। अपने इस दौरे के दौरान वे पंडौल स्थित बहुप्रतीक्षित सावि लेदर टेक्सटाइल इकाई का विधिवत उद्घाटन करेंगे। औद्योगिक क्षेत्र में इस नई फैक्ट्री के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क है।

तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए गुरूवार को स्वयं पुलिस योगेन्द्र कुमार,एसडीओ चंदन झा एवं सदर डीएसपी-वन अमित कुमार ने पंडौल औद्योगिक क्षेत्र पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल,मंच और वीआईपी रूट का बारीकी से जायजा लिया, ताकि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो। पुलिस योगेन्द्र कुमार ने निरीक्षण के दौरान अधीनस्थ अधिकारियों और डीएसपी को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। उन्होंने कहा उपमुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा मानकों में कोई ढ़िलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बताते चले कि सावि लेदर टेक्सटाइल का उद्घाटन मधुबनी के औद्योगिक परिदृश्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पंडौल औद्योगिक क्षेत्र में इस टेक्सटाइल यूनिट के चालू होने से न केवल व्यापार बढ़ेगा, बल्कि बिहार सरकार के इन्वेस्ट बिहार अभियान को भी मजबूती मिलेगी। प्रशासन ने उद्घाटन समारोह की सभी प्रारंभिक तैयारियां पूरी कर ली हैं।



