
BIHAR:- 2 महिलाओं का शव मिला फंदे से लटकते हुए
बेतिया- 04 फरवरी। बेतिया के कुमारबाग ओपी के कुड़वा मठिया में राधिका देवी (19) तथा बानुछापर ओपी के कृष्णा नगर में माधुरी देवी (30) का शव फंदे से लटकता मिला है। दोनों घटनाएं गुरुवार की देर रात की है। पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि राधिका तथा माधुरी के शव को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया है। राधिका के परिजनों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। वहीं बानुछापर के कृष्णा नगर में मायके में फंदे से लटका मिला माधुरी की मां का बयान थानाध्यक्ष संजीव कुमार दर्ज कर रहे है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु के कारणों का पता चलेगा।
एसपी ने बताया कि कुमारबाग के कुड़वा मठिया में आठ माह पूर्व ब्याही राधिका देवी का शव गुरुवार की देर रात फंदे से लटके मिला। बलथर थाना के भौरा गांव निवासी राधिका के भाई उपेन्द्र कुमार ने बताया कि उनके बहन की शादी आठ माह पहले सोनेलाल महतो से हुई थी। सोनेलाल विदेश में काम करते है। दो लाख रुपये के लिए ससुराल वाले उसकी बहन को प्रताड़ित करते थे। पैसा नहीं मिलने पर उसकी हत्या कर शव को लटका दिया गया है। इधर बानुछापर के कृष्णा नगर में माधुरी देवी का शव उनके घर में पंखे से लटका हुआ मिला। माधुरी को एक दो वर्ष का बच्चा है। वह पिछले कुछ समय से अपने पति से अलग रह रही थी। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने घटना की सूचना मिलने पर शव को अपने कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मृतका की मां का बयान दर्ज किया जाएगा।



