
BIHAR:- हर जिले में इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेज का होगा निर्माण: सीएम नीतीश
पटना- 25 मई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को भवन निर्माण विभाग द्वारा क्रियान्वित विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग के 893.60 करोड़ रुपये की लागत के 17 भवनों का उद्घाटन एवं 193.67 करोड़ रुपये की लागत के पांच भवनों का शिलान्यास किया। साथ ही कहा कि हर जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज और पॉलिटेक्निक कॉलेज का निर्माण होगा, जिसे इस साल के अंत तक पूरा कर लिया जायेगा।
सीएम ने कहा कि पहले बिहार में 17 से 23 वर्ष के 13.9 प्रतिशत बच्चे-बच्चियां उच्च शिक्षा प्राप्त करते थे, जबकि देश में यह आंकड़ा 25 प्रतिशत था। हमने लक्ष्य निर्धारित किया था कि 30 प्रतिशत बच्चे-बच्चियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। वर्ष 2021 की रिपोर्ट के अनुसार बिहार में यह दर 19.3 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए नए इंस्टीट्यूशन के निर्माण का निर्णय लिया गया था।
उन्होंने कहा कि जब हमें 2005 में काम करने का मौका मिला तो हमने तय किया कि सभी जिलों में इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज बनायेंगे। राज्य सरकार ने जमीन उपलब्ध कराकर अपने खर्चे पर बीआईटी मेसरा के भवन का निर्माण कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलों में इंजीनियरिंग कॉलेज और पॉलिटेक्निक कॉलेज की बिल्डिंग बनाई जा रही है। कुछ जगह बाकी है, जिसे इस साल के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बात मैं कहना चाहूंगा, हमने तय कर दिया है कि हम किसी चीज को बनायेंगे तो उसका ठीक से मेंटेनेंस करेंगे। जितने भी इंस्टीट्यूशंस हैं, सबका मेंटेनेंस ठीक ढंग से होना चाहिए हम आप से यही आग्रह करेंगे। जो भी संस्थान बनाए जा रहे हैं, उसके लिए शिक्षक, कर्मचारी एवं अन्य स्टाफ की जो आवश्यकता हो, उसकी बहाली कराएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी छात्र-छात्राएं खूब मन लगाकर पढ़ाई करें। पढ़ाने वाले भी प्रेमपूर्वक पढ़ाएं। सभी पढ़ेंगे तो आगे बढ़ेंगे और इससे बिहार का विकास होगा। कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने भी संबोधित किया।



