
BIHAR:- सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी अब 15 जनवरी तक करवा सकते हैं जीवन प्रमाणीकरण
पटना- 30 दिसंबर। सामाजिक सुरक्षा योजना के पेंशनधारी अब 15 जनवरी तक अपना जीवन प्रमाणीकरण करवा सकते हैं। सामाजिक सुरक्षा कोषांग बिहार के निर्देशक दयानिधान पांडेय ने इस आशय की सूचना पत्र के माध्यम से सभी डीएम को दिया है। बताया है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण का कार्य 15 से 31 दिसंबर तक निर्धारित है, लेकिन अभी तक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों का शत-प्रतिशत जीवन प्रमाणीकरण नहीं हो पाया है।
नियमानुसार सभी प्रकार के पेंशनधारियों को अपने जीवित होने का प्रमाण वर्ष में एकबार देना है। जीवन प्रमाणीकरण का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए प्रमाणीकरण की तिथि 15 जनवरी तक विस्तारित की गई है। जिन पेंशनधारियों का बायोमेट्रिक या आईरिस स्कैनर से प्रमाणीकरण नहीं हो पाता है,अंतिम उपाय के रूप में उनका भौतिक सत्यापन/प्रमाणीकरण किया जाएगा। भौतिक सत्यापन अपवादात्मक होगा और पहले बायोमैट्रिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। प्रमाणीकरण के लिए प्रखंड स्तर पर विधि व्यवस्था संधारण, पेयजल आपूर्ति, प्राथमिक उपचार एवं कोविड-19 दिशा-निर्देश का अनुपालन कराने की व्यवस्था की गई है। जिला के शत-प्रतिशत पेंशनधारियों के सफल प्रमाणीकरण के लिए लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराने पर उनका पेंशन बाधित हो सकता है।



