
BIHAR:- शराबबंदी का जुनून अब अधिकारियों पर चढ़ा,चैकीदारों की करायी परेड,दिया सख्त निर्देश
मधुबनी-17 नवंबर। शराबबंदी कानून को पूरी शख्ती से लागू करने के लिए पुलिस द्वारा बुधवार को लौकहा खुटौना तथा ललमनियां के चौकीदारों की परेड आयोजित की गयी। फुलपरास के एसडीपीओ प्रभात कुमार शर्मा ने इसकी अध्यक्षता की। यह कार्यक्रम थाना परिसर में आयोजित किया गया। लौकहा थाना प्रभारी संतोष कुमार मंडल द्वारा संचालित परेड में 30 चैकीदार एवं सअनि अनिल कुमार, सूरज कुमार सिंह, सुनीता कुमारी एवं रामप्रवेश प्रजापति शामिल थे। खुटौना थाना प्रभारी धनंजय कुमार द्वारा संचालित परेड में 14 चैकीदार एवं पुअनि नंदलाल पासवान, दयानंद यादव तथा योगेंद्र यादव शामिल थे। ललमनियां ओपी प्रभारी गुलाम सरवर द्वारा संचालित परेड में 13 चौकीदार एवं सअनि दिनेश सिंह,राम भरत सिंह,मिथलेश कुमार यादव एवं महबूब आलम शामिल हुए। इन परेडों में एसडीपीओ ने राज्य में लागू मद्यनिषेध कानून के प्रावधानों की पूरी व्याख्या की । उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों एवं चौकीदारों को इन प्रावधानों के अनुसार काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि पूरी मुस्तैदी नहीं बरतने से लोग चोरी छिपे शराब की चुलाई करने लगते हैं। उन्होंने चैकीदारों से ग्रामीण क्षेत्र में पूरी सतर्कता बरतने तथा ऐसी जगहों की निगरानी करने का निर्देश दिया जहां चोरी छिपे यह अवैध काम होता है। शराब की चुलाई,सीमापार अथवा दूसरे राज्यों से इसकी तस्करी एवं इसके सेवन को रोकने के लिए कठोर करवाई का निर्देश दिया गया। उन्होंने इस संबंध में विभाग के उच्च स्तर से जारी आदेशों एवं निर्देशों का हवाला देते चैकीदारों को गांवो दृ टोलों में मुस्तैदी बरतने का आदेश दिया।



